राज्यसभा सांसद नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान में डबल इंजन की सरकार विकास योजनाओं को गांवों और कस्बों तक पहुंचा रही है। इससे पंडित दीनदयाल उपाध्याय की अंत्योदय की भावना धरातल पर साकार हो रही है।
2636 करोड़ रुपये के 929 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास
राज्यसभा सांसद नितिन नवीन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विभिन्न जिलों को 2636 करोड़ रुपये के 929 विकास कार्यों की सौगात दी। इनमें सार्वजनिक निर्माण विभाग के 957 करोड़ रुपये से अधिक के 451 कार्य, विद्युत विभाग के 1,246 करोड़ रुपये के 135 कार्य, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के 302 करोड़ रुपये के 70 कार्य, आयुर्वेद विभाग के 2.90 करोड़ रुपये के 9 से अधिक कार्य, स्कूल शिक्षा विभाग के 32.06 करोड़ रुपये के 149 से अधिक कार्य, उच्च शिक्षा विभाग के 46 करोड़ रुपये से अधिक के 8 कार्य तथा खेल एवं युवा विकास विभाग के 6.50 करोड़ रुपये के विभिन्न कार्य शामिल हैं। इन सभी कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया गया।
राज्यसभा सांसद नितिन नवीन शुक्रवार को पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती के अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की उपस्थिति में जयपुर के दादिया में आयोजित सेवा संकल्प सभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि अंत्योदय की भावना को जमीन तक पहुंचाने के सबसे बड़े सारथी विधायक, सांसद तथा निकाय एवं पंचायत के जनप्रतिनिधि हैं, क्योंकि उनका जनता से सीधा जुड़ाव होता है। अंत्योदय की परिकल्पना को साकार करने में थ्री-टायर सिस्टम के निकायों और पंचायतीराज व्यवस्था के जनप्रतिनिधियों की महत्वपूर्ण भूमिका है।
जनता से सीधा जुड़ाव जरूरी
नितिन नवीन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का पिछले 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन जनता की सेवा के लिए समर्पित रहा है। उनसे प्रेरणा लेकर सभी को सेवा भाव से कार्य करते हुए आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का प्रयास करना चाहिए।
उन्होंने जनप्रतिनिधि के रूप में लंबे समय तक कार्य करने के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि जनप्रतिनिधियों की कार्यशैली जनता से सीधे जुड़ी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार गरीब कल्याण की भावना के साथ कार्य कर रही है। देशभर में 4 करोड़ से अधिक गरीब परिवारों को आवास, स्वच्छ भारत मिशन के तहत 12 करोड़ शौचालयों के निर्माण से महिलाओं की गरिमा एवं सम्मान सुनिश्चित हुआ है। वहीं, 60 करोड़ परिवारों को आयुष्मान योजना का कवच मिला है।
उन्होंने कहा कि पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से 75 लाख से अधिक रेहड़ी-पटरी वालों को लाभ मिला है तथा 51 लाख करोड़ रुपये से अधिक की राशि गरीबों के खातों में डीबीटी के माध्यम से पहुंचाई गई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने स्वच्छता की सोच से पूरे देशवासियों को जोड़कर इसे घर-घर का मिशन बनाया है।
नितिन नवीन ने कहा कि आज का युवा केवल जॉब सीकर नहीं, बल्कि जॉब गिवर के रूप में उभर रहा है। वहीं, 3 करोड़ से अधिक लखपति दीदी आत्मनिर्भर बनकर आगे बढ़ रही हैं।
सेवा संकल्प अभियान से जुड़ने का आह्वान
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलाए जा रहे सेवा संकल्प अभियान से सभी को जुड़ना चाहिए। जनता के सुख-दुख में भागीदार बनना ही जनप्रतिनिधि की सार्थकता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास’ के विजन के अनुरूप प्रदेश सरकार के पौने तीन वर्ष के कार्यकाल में पानी, बिजली, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और परिवहन के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य हुए हैं। वहीं, लाखों युवाओं के रोजगार के सपने को साकार करने की दिशा में भी काम किया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रामजल सेतु लिंक परियोजना, यमुना जल समझौता और किशाऊ परियोजनाओं के माध्यम से प्रदेश ने जल आत्मनिर्भरता की दिशा में मजबूत कदम बढ़ाए हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने संकल्प पत्र के 78 प्रतिशत कार्य केवल ढाई वर्ष के कार्यकाल में ही पूरे कर लिए हैं। युवा, महिला, किसान और मजदूर के कल्याण की दिशा में तेजी से कार्य किया जा रहा है।
36 लाख लाभार्थियों को 400 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी
राज्यसभा सांसद नितिन नवीन एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विभिन्न योजनाओं के 36 लाख लाभार्थियों के खातों में 400 करोड़ रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की।
इसके तहत पालनहार योजना के 4 लाख 75 हजार लाभार्थियों को 50 करोड़ रुपये, एलपीजी सब्सिडी भुगतान योजना के तहत 30 लाख लाभार्थियों को 100 करोड़ रुपये, गोपालन योजना के तहत 723 पात्र गोशालाओं को 200 करोड़ रुपये तथा फसल खराबा योजना के तहत 40 हजार 123 प्रभावित काश्तकारों को 49 करोड़ 94 लाख रुपये की कृषि आदान-अनुदान सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से हस्तांतरित की गई।
इस अवसर पर केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण राज्यमंत्री भागीरथ चौधरी, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी एवं डॉ. प्रेम चन्द बैरवा, सांसद मदन राठौड़ सहित मंत्रीगण, सांसद, विधायक एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
