पश्चिमी राजस्थान के तीन दिवसीय दौरे पर आए पुलिस महानिदेशक श्री राजीव कुमार शर्मा ने गुरुवार सुबह तनोट माता मंदिर में दर्शन एवं आरती में शिरकत की। इसके बाद उन्होंने जैसलमेर पहुंचकर पुलिस लाइन, ऑफिसर्स मैस, महिला बैरक, जिम, कैंटीन और पुलिस लाइन में संचालित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय का निरीक्षण किया। बाद में वे बालोतरा जिले के सिणधरी थाने पहुंचे और कानून-व्यवस्था की समीक्षा की। उन्होंने पुलिसकर्मियों को आमजन के साथ बेहतर समन्वय एवं संवाद स्थापित कर नशे और साइबर अपराध की रोकथाम में जनसहयोग लेने के निर्देश दिए।
तनोट माता के दर्शन, आरती में हुए शामिल
डीजीपी श्री शर्मा ने सुबह तनोट माता मंदिर में दर्शन किए और आरती में शामिल होकर प्रदेश की समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इसके बाद वे जैसलमेर जिला मुख्यालय स्थित ऑफिसर्स मैस पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
उन्होंने पुलिस लाइन जैसलमेर में पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए स्थापित जिम और कैंटीन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पुलिसकर्मियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं की जानकारी ली और व्यवस्थाओं को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
महिला बैरक का निरीक्षण, सुविधाओं पर जोर
डीजीपी ने पुलिस लाइन में नवनिर्मित महिला बैरक का भी निरीक्षण किया। उन्होंने बैरक में उपलब्ध सुविधाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए महिला पुलिसकर्मियों के लिए बेहतर एवं सुविधाजनक वातावरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके बाद वे पुलिस लाइन में संचालित महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय पहुंचे। यहां उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से संवाद कर पढ़ाई एवं शिक्षा व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कक्षा-कक्षों में जाकर विद्यार्थियों से पाठ्यक्रम और पढ़ाई से जुड़े विषयों पर बातचीत की तथा विद्यार्थियों को टॉफियां वितरित कीं।
सिणधरी थाने में कानून-व्यवस्था की समीक्षा
जैसलमेर से डीजीपी श्री शर्मा बालोतरा जिले के सिणधरी पुलिस थाने पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। थाने का निरीक्षण करने के बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की कानून-व्यवस्था और अपराध की स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने पुलिसकर्मियों से कहा कि आमजन के साथ निरंतर समन्वय एवं संवाद बनाए रखते हुए पुलिसिंग को और प्रभावी बनाया जाए। नशे की रोकथाम और साइबर अपराधों से बचाव के लिए आमजन का सहयोग लेने पर जोर देते हुए उन्होंने स्थानीय स्तर पर जागरूकता बढ़ाने तथा पुलिस के साथ सूचनाओं के आदान-प्रदान को मजबूत करने के निर्देश दिए।
बबलियान बॉर्डर पर बीएसएफ जवानों से किया सीमा संवाद
इससे पहले बुधवार रात डीजीपी श्री राजीव कुमार शर्मा बबलियान बॉर्डर आउट पोस्ट पहुंचे। उन्होंने बीएसएफ अधिकारियों एवं जवानों से रूबरू होकर सीमा संवाद किया और विषम परिस्थितियों में ड्यूटी कर रहे सीमा प्रहरियों का हौसला बढ़ाया।
डीजीपी ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने सीमा पर तैनात जवानों से संवाद करते हुए राजस्थान पुलिस की ओर से बीएसएफ के साथ निरंतर प्रभावी समन्वय बनाए रखने की बात कही। इसके बाद वे तनोट पहुंचे, जहां रात्रि विश्राम किया।
इस दौरान आईजी सत्येंद्र सिंह, डीआईजी कुंवर राष्ट्रदीप, जैसलमेर पुलिस अधीक्षक अभिषेक शिवहरे सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
