राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल की ओर से BRICS Sustainable Lifestyle Week 2026 के तहत पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से गुरुवार को जयपुर स्थित मंडल मुख्यालय में ‘Say No to Single Use Plastic’ विषय पर हितधारक जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के अधिकारियों, विशेषज्ञों एवं संबंधित हितधारकों ने भाग लिया। इस दौरान एकल उपयोग प्लास्टिक के प्रभावी विकल्पों तथा प्लास्टिक अपशिष्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर मुख्य पर्यावरण अभियंता श्री वरुण दत्त पुरोहित ने प्रतिभागियों को पर्यावरण संरक्षण एवं सतत जीवनशैली अपनाने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में आमंत्रित विशेषज्ञों का पौधा भेंट कर स्वागत किया गया। वहीं, अतिरिक्त मुख्य पर्यावरण अभियंता श्री भुवनेश माथुर ने कार्यशाला के उद्देश्यों एवं मंडल द्वारा किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी।
कार्यशाला में प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन एवं एकल उपयोग प्लास्टिक प्रतिबंध के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विशेषज्ञों ने तकनीकी एवं व्यावहारिक जानकारी साझा की।
पर्यावरण अभियंता श्रीमती योग्यता सिंह ने ‘Plastic Waste Management – Rules and Regulations’ विषय पर प्रस्तुतीकरण देते हुए प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियमों एवं उनके प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी।
इसी क्रम में नगरीय विकास एवं स्वायत्त शासन विभाग (DLB), राजस्थान के सहायक अभियंता श्री गौरव सिंह ने ‘Initiatives and Actions Taken by DLB, Rajasthan for Effective Implementation of Single Use Plastic Ban’ विषय पर विभाग की ओर से किए जा रहे प्रयासों एवं पहलों की जानकारी दी।
केंद्रीय पेट्रोकेमिकल्स अभियांत्रिकी एवं प्रौद्योगिकी संस्थान (CIPET) के वरिष्ठ तकनीकी अधिकारी डॉ. राधेश्याम गरी ने ‘Reduce, Reuse, Recycle (3R) – Pathway to Sustainability’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने प्लास्टिक की खपत कम करने, वस्तुओं का पुनः उपयोग करने और अपशिष्ट के पुनर्चक्रण के महत्व को समझाते हुए 3R सिद्धांतों को दैनिक जीवन में अपनाने पर जोर दिया।
कार्यशाला के समापन सत्र में आयोजित खुली चर्चा के दौरान प्रतिभागियों ने अपने सुझाव एवं अनुभव साझा किए। चर्चा में एकल उपयोग प्लास्टिक के इस्तेमाल को हतोत्साहित करने, पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को बढ़ावा देने तथा प्लास्टिक कचरे के पृथक्करण एवं उचित निस्तारण के लिए विभागों, उद्योगों और आमजन की सक्रिय भागीदारी को आवश्यक बताया गया।
कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विभिन्न हितधारकों को प्लास्टिक अपशिष्ट प्रबंधन नियमों के प्रति जागरूक करना, एकल उपयोग प्लास्टिक पर निर्भरता कम करना और पर्यावरण अनुकूल विकल्पों को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित करना रहा।
उल्लेखनीय है कि BRICS Sustainable Lifestyle Week के तहत राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल द्वारा विभिन्न जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनके माध्यम से नागरिकों, उद्योगों एवं संस्थागत हितधारकों को पर्यावरण संरक्षण, संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग और सतत जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।
