पंचायत चुनाव: जयपुर में मतदान के दिन रहेगा अवकाश

👁 3 Views

संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य तथा पंच-सरपंच पदों के निर्वाचन के लिए निर्धारित मतदान तिथियों पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि चतुर्थ चरण के तहत जयपुर जिले की चार पंचायत समितियों बस्सी, तूंगा, जमवारामगढ़ एवं आंधी में जिला परिषद एवं पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए शनिवार, 14 नवंबर को तथा पंच-सरपंच पदों के लिए सोमवार, 16 नवंबर को मतदान कराया जाएगा।

उन्होंने बताया कि मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित सभी सरकारी एवं अर्द्धसरकारी कार्यालयों में सार्वजनिक अवकाश रहेगा। इसके साथ ही परक्राम्य लिखत अधिनियम, 1881 की धारा 25 के तहत भी संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में सार्वजनिक अवकाश घोषित रहेगा, ताकि मतदाता अपने मताधिकार का उपयोग कर सकें। यदि किसी क्षेत्र में पुनर्मतदान की स्थिति बनती है, तो वहां पुनर्मतदान की तिथि को भी सार्वजनिक अवकाश रहेगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदान दिवस पर संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में स्थित औद्योगिक एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों में कार्यरत सभी कर्मचारियों, जिनमें आकस्मिक श्रमिक भी शामिल हैं, को सवैतनिक अवकाश दिया जाएगा। इसका उद्देश्य सभी मतदाताओं को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का अवसर उपलब्ध कराना है।

उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे कर्मचारी, जो संबंधित पंचायतीराज निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता के रूप में पंजीकृत हैं, लेकिन अपने निर्वाचन क्षेत्र से बाहर किसी अन्य स्थान पर कार्यरत हैं, उन्हें भी नियमानुसार मतदान की तिथियों पर सवैतनिक अवकाश देय होगा।

जिला निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि यदि कोई नियोजक इन प्रावधानों की अवहेलना करते हुए कर्मचारी को मतदान के दिन मताधिकार का उपयोग करने के लिए अवकाश प्रदान नहीं करता है, तो उसके विरुद्ध दंडात्मक कार्रवाई के लिए संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को तथ्यात्मक विवरण सहित शिकायत की जा सकती है।

👁 3 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *