पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के तहत जयपुर जिले की चार पंचायत समितियों जमवारामगढ़, आंधी, बस्सी एवं तूंगा में निर्वाचन प्रक्रिया संपन्न कराने के लिए शुक्रवार को मतदान दल रवाना किए गए। मतदान दलों को श्री भवानी निकेतन के फार्मेसी कॉलेज परिसर स्थित प्रशिक्षण स्थल से संबंधित पंचायत मुख्यालयों के मतदान केंद्रों के लिए रवाना किया गया।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि पंचायत समिति आंधी के एक मतदान दल में सहायक मतदान अधिकारी प्रथम के पद पर नियुक्त कार्मिक हस्ताक्षर करने के बाद बिना किसी सूचना के अपना मोबाइल फोन बंद कर नदारद हो गया। टेंट में नियुक्त अधिकारियों द्वारा माइक से बार-बार आवाज लगाने के बावजूद कार्मिक उपस्थित नहीं हुआ।
मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित कार्मिक को राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 13 के तहत निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि के दौरान उसका मुख्यालय कार्यालय संभागीय संस्कृत शिक्षा अधिकारी, जयपुर संभाग, जयपुर निर्धारित किया गया है।
इसके अलावा अनुपस्थित पाए गए 18 अन्य कार्मिकों को लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 एवं राजस्थान सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम, 1958 के नियम 17 के तहत नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्वाचन जैसे महत्वपूर्ण राजकीय कार्य में लापरवाही बरतने वाले कार्मिकों की सूची तैयार की जा रही है। ऐसे कार्मिकों के विरुद्ध शीघ्र अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर लोकप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 134 (1क) के तहत कार्रवाई करते हुए मुकदमा भी दर्ज करवाया जा सकता है।
