प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को कर्नाटक के बेंगलुरु स्थित प्रशांति कुटीरम के स्वर्ण जयंती समारोह में भाग लिया और कार्यक्रम को संबोधित किया। उन्होंने संस्थान की 50 वर्षों की यात्रा को सेवा, समर्पण और योग के प्रसार की प्रेरणादायक गाथा बताया। प्रधानमंत्री ने कहा कि प्रशांति कुटीरम ने एक साधारण योग केंद्र से व्यापक जनआंदोलन तक का सफर तय किया है और योग, आयुर्वेद एवं प्राकृतिक चिकित्सा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
प्रधानमंत्री ने कन्नड़ भाषा में लोगों का अभिवादन करते हुए कहा कि कर्नाटक सदियों से योग का प्रमुख केंद्र रहा है। यहां अनेक आचार्यों और विद्वानों ने योग परंपरा को समृद्ध बनाया है। उन्होंने कन्नड़ सिनेमा के दिग्गज अभिनेता डॉ. राजकुमार के योगदान को भी याद किया और कहा कि कला जगत से जुड़े कई लोगों ने योग के प्रसार में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने प्रशांति कुटीरम की स्वर्ण जयंती पर एस-व्यास परिवार और संस्थान से जुड़े लाखों साधकों को शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर परिसर में कई नई सुविधाओं का उद्घाटन भी किया गया।
एच.वी. शेषाद्रि के योगदान को किया याद
प्रधानमंत्री ने प्रशांति कुटीरम की स्वर्ण जयंती के साथ मनाई जा रही एच.वी. शेषाद्रि की जन्म शताब्दी पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शेषाद्रि ने अपना जीवन चरित्र निर्माण के माध्यम से राष्ट्र निर्माण के मिशन को समर्पित किया था।
प्रधानमंत्री ने उनके सादगीपूर्ण जीवन, अनुशासन और समाजसेवा की भावना को याद करते हुए कहा कि शेषाद्रि जी लोगों को एकजुट करने और उन्हें राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करने में विश्वास रखते थे। वे अक्सर उस मां का उदाहरण देते थे, जो अपने बच्चे के पालन-पोषण के लिए पूरी रात निस्वार्थ भाव से जागती है। उन्होंने कहा कि यदि समाज के प्रति भी इसी भावना से कार्य किया जाए तो व्यापक जनकल्याण संभव है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि शेषाद्रि जी की एक महत्वपूर्ण सीख थी कि जब कोई व्यक्ति दोनों हाथों से समाज को देता है, तो समाज उसे लाखों हाथों से लौटाता है। उन्होंने डॉ. एच.आर. नागेंद्र और डॉ. आर. नागरत्ना की भी प्रशंसा की, जो उनके मिशन को आगे बढ़ा रहे हैं।
योग और विज्ञान की परंपरा को आगे बढ़ा रहा भारत
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत में स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान जहां लाखों लोगों ने आजादी की लड़ाई लड़ी, वहीं स्वामी विवेकानंद जैसे संतों ने देश की आध्यात्मिक चेतना को जागृत करने का कार्य किया। उन्होंने युवाओं को योग का मार्ग दिखाया और इसी प्रेरणा से प्रशांति कुटीरम एवं एस-व्यास जैसे संस्थानों का विकास हुआ।
उन्होंने कहा कि इन संस्थानों ने योग, आयुर्वेद, प्राकृतिक चिकित्सा और आधुनिक चिकित्सा को एकीकृत करते हुए समग्र स्वास्थ्य का मॉडल विकसित किया है। यहां से चिकित्सकों, शिक्षकों, डॉक्टरों और शोधकर्ताओं को प्रशिक्षण मिला है। तनाव और जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों पर संस्थान का शोध कार्य भी विश्व के लिए उपयोगी साबित हो रहा है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रही योग की लोकप्रियता
प्रधानमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में भारत ने अपनी संस्कृति, पहचान और वैज्ञानिक विरासत को दुनिया के सामने आत्मविश्वास के साथ प्रस्तुत किया है। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के माध्यम से योग का विस्तार ऑस्ट्रेलिया, अफ्रीका और अमेरिका सहित दुनिया के अनेक देशों में हुआ है। आज स्कूलों, संस्थानों और कार्यस्थलों में भी योग को अपनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि सऊदी अरब ने योग को खेल गतिविधि के रूप में मान्यता दी है और वहां के खेल मंत्रालय ने भारत के आयुष मंत्रालय के साथ समझौता किया है। विदेशों में योग के प्रचार-प्रसार में योगदान देने वाले लोगों को पद्म श्री से सम्मानित भी किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि योग की वैश्विक लोकप्रियता से भारत की संस्कृति और पारंपरिक ज्ञान के प्रति दुनिया का आकर्षण बढ़ा है। इसी तरह आयुर्वेद का भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर विस्तार हो रहा है। दुनिया के विभिन्न देशों में 150 से अधिक आयुर्वेद प्रशिक्षण पाठ्यक्रमों को मान्यता मिली है और इसके विस्तार के लिए 28 देशों के साथ समझौता ज्ञापन किए गए हैं।
योगासन को प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में मान्यता
प्रधानमंत्री ने कहा कि सरकार ने योग और आयुर्वेद को आमजन तक पहुंचाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। योगासन को भारत में प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में मान्यता दी गई है और खेलो इंडिया तथा राष्ट्रीय खेलों में इसे स्थान मिला है। इससे योग से जुड़े युवाओं को प्रतियोगिताओं में भाग लेने के नए अवसर मिल रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अलग आयुष मंत्रालय की स्थापना, आयुर्वेदिक अनुसंधान को प्रोत्साहन और पेटेंट संबंधी सहायता से आयुष क्षेत्र का विस्तार हुआ है। भारतीय हल्दी की बढ़ती वैश्विक मांग और हर्बल उत्पादों के निर्यात से इस क्षेत्र में नए अवसर पैदा हो रहे हैं। हल्दी के उत्पादन, गुणवत्ता और निर्यात को बढ़ावा देने के लिए राष्ट्रीय हल्दी बोर्ड का गठन भी किया गया है।
ई-आयुष वीजा और पारंपरिक चिकित्सा अनुसंधान को बढ़ावा
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत के प्राचीन चिकित्सा ज्ञान और आधुनिक वैज्ञानिक अनुसंधान का लाभ पूरी मानवता तक पहुंचना चाहिए। इसी उद्देश्य से विदेशी नागरिकों के लिए ई-आयुष वीजा सुविधा शुरू की गई है। इसके अलावा जामनगर में डब्ल्यूएचओ ग्लोबल ट्रेडिशनल मेडिसिन सेंटर की स्थापना की गई है, जिससे पारंपरिक चिकित्सा के क्षेत्र में अनुसंधान और अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ावा मिल रहा है।
विकसित भारत के लिए स्वस्थ समाज जरूरी
प्रधानमंत्री ने कहा कि 140 करोड़ देशवासी विकसित भारत के निर्माण के लिए प्रयासरत हैं। उन्होंने विश्व बैंक की नवीनतम रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए कहा कि पिछले 12 से 13 वर्षों में लगभग 50 करोड़ भारतीय अत्यधिक गरीबी से बाहर आए हैं।
उन्होंने प्रशांति कुटीरम से आग्रह किया कि परिवारों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और योग के माध्यम से स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए नए प्रयास किए जाएं। साथ ही, संस्थान को भविष्य के लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए एक स्पष्ट रोडमैप तैयार करना चाहिए।
प्रधानमंत्री ने विश्वास व्यक्त किया कि प्रशांति कुटीरम की नई पहल से संस्थान को युवा ऊर्जा का लाभ मिलेगा और देश को भी इसका फायदा पहुंचेगा।
