भारत के उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने शनिवार को महाराष्ट्र के पुणे स्थित सिम्बायोसिस इंटरनेशनल (डीम्ड यूनिवर्सिटी) के 23वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की और समारोह को संबोधित किया। उन्होंने शिक्षा को अंतरराष्ट्रीय समझ, आपसी सम्मान और समावेशी विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए कहा कि शिक्षा विभिन्न देशों, संस्कृतियों और समुदायों के बीच सेतु का कार्य करती है।
उपराष्ट्रपति ने सिम्बायोसिस को अंतरराष्ट्रीय समझ, शैक्षणिक उत्कृष्टता और समावेशी शिक्षा के प्रति भारत की प्रतिबद्धता का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का नाम सह-अस्तित्व, आपसी सम्मान और विभिन्न संस्कृतियों एवं विचारों के समन्वय से मिलने वाले समृद्ध अनुभव को दर्शाता है। उन्होंने भारत की सभ्यतागत भावना ‘वसुधैव कुटुंबकम्’ का उल्लेख करते हुए कहा कि वर्तमान वैश्विक चुनौतियों के दौर में शिक्षा की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो गई है।
उन्होंने विश्वविद्यालय के अंतरराष्ट्रीय विस्तार की सराहना करते हुए बताया कि सिम्बायोसिस ने वर्ष 2024 में दुबई में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय शाखा परिसर स्थापित किया। यह पहल भारत और संयुक्त अरब अमीरात के बीच शैक्षिक संबंधों को मजबूत करने के साथ वैश्विक उच्च शिक्षा में भारत की भूमिका को भी विस्तार देती है।
उपराष्ट्रपति ने बताया कि शैक्षणिक सत्र 2025-26 में सिम्बायोसिस में 62 हजार से अधिक विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें देशभर से 29 हजार से अधिक छात्राएं शामिल हैं। इसके अलावा 85 देशों के 3 हजार से अधिक अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों की उपस्थिति विश्वविद्यालय की समावेशी एवं वैश्विक शिक्षा व्यवस्था को दर्शाती है।
महिला शिक्षा और सशक्तिकरण पर दिया जोर
उपराष्ट्रपति ने उच्च शिक्षा में महिलाओं की बढ़ती उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि देशभर के दीक्षांत समारोहों में उन्होंने पुरुषों की तुलना में अधिक महिलाओं को डिग्रियां और पदक प्राप्त करते देखा है। उन्होंने इसे ‘नारी शक्ति’ के बढ़ते सामर्थ्य और वास्तविक महिला सशक्तिकरण का प्रमाण बताया। उन्होंने चिकित्सा शिक्षा में महिलाओं के अवसरों का विस्तार करने के लिए स्थापित ‘सिम्बायोसिस मेडिकल कॉलेज फॉर विमेन’ की भी सराहना की।
विकसित भारत के निर्माण में शिक्षा की महत्वपूर्ण भूमिका
श्री राधाकृष्णन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने पिछले 12 वर्षों में उच्च शिक्षा के विस्तार का उल्लेख करते हुए बताया कि देश में विश्वविद्यालयों की संख्या वर्ष 2014-15 के 760 से बढ़कर अब 1,400 से अधिक हो गई है।
उन्होंने बताया कि आईआईटी की संख्या 16 से बढ़कर 23, आईआईएम की संख्या 13 से बढ़कर 22 और एम्स संस्थानों की संख्या 8 से बढ़कर 23 हो गई है। इसी अवधि में उच्च शिक्षा में विद्यार्थियों का नामांकन 3.4 करोड़ से बढ़कर 4.5 करोड़ से अधिक हो गया है।
वैश्विक सहयोग में भारत की बढ़ती भूमिका
उपराष्ट्रपति ने एक जिम्मेदार वैश्विक साझेदार के रूप में भारत की भूमिका पर प्रकाश डालते हुए इंडियन टेक्निकल एंड इकोनॉमिक कोऑपरेशन (ITEC) कार्यक्रम का उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि इस कार्यक्रम से 160 से अधिक साझेदार देशों के पेशेवरों और अधिकारियों को लाभ मिल रहा है। वर्ष 2014 से अब तक ग्लोबल साउथ के 80 हजार से अधिक पेशेवरों ने ITEC प्रशिक्षण प्राप्त किया है, जिनमें 30 हजार महिलाएं शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि भारत आपसी सम्मान और समानता के आधार पर साझेदार देशों के साथ ज्ञान, कौशल और विशेषज्ञता साझा करने में विश्वास रखता है। उन्होंने UPI और इंडिया स्टैक जैसी पहलों को वैश्विक डिजिटल सार्वजनिक बुनियादी ढांचे, वित्तीय समावेशन और सुशासन में भारत के योगदान का उदाहरण बताया।
उन्होंने तंजानिया के जांजीबार में आईआईटी मद्रास के अंतरराष्ट्रीय परिसर का उल्लेख करते हुए इसे अफ्रीका के साथ भारत की बढ़ती शैक्षिक एवं तकनीकी साझेदारी का महत्वपूर्ण उदाहरण बताया। वर्ष 2023 में भारत की जी-20 अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकी संघ को जी-20 के स्थायी सदस्य के रूप में शामिल किए जाने को भी वैश्विक निर्णय प्रक्रिया में अफ्रीका की भागीदारी मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
स्नातकों से जीवनभर सीखते रहने का आह्वान
उपराष्ट्रपति ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता, डिजिटल तकनीक, नवीकरणीय ऊर्जा और वैज्ञानिक नवाचारों से तेजी से बदलती दुनिया का उल्लेख करते हुए स्नातकों से जीवनभर सीखने की प्रवृत्ति अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि डिग्रियां मजबूत आधार प्रदान करती हैं, लेकिन निरंतर सीखते रहना जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है।
उन्होंने विद्यार्थियों को ईमानदारी और नैतिक मूल्यों के साथ उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पेशेवर सफलता महत्वपूर्ण है, लेकिन चरित्र और नैतिक आचरण ही व्यक्ति को लंबे समय तक सम्मान दिलाते हैं। उन्होंने स्नातकों से उद्यमिता, शोध, जनसेवा, उद्योग और सामाजिक नवाचार के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि नागरिकों, शिक्षण संस्थानों, व्यवसायों और समुदायों का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने वर्ष 2026 के स्नातक विद्यार्थियों पर विश्वास जताते हुए कहा कि वे ‘विकसित भारत@2047’ के लक्ष्य को साकार करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से संस्थान के मूल्यों को बनाए रखने, समाज के विकास में योगदान देने तथा अपने परिवार और संस्थान का गौरव बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही उन्होंने युवाओं से नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील की।
मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक और पुरस्कार प्रदान किए
समारोह के दौरान अंतरराष्ट्रीय विद्यार्थियों ने भारत के उपराष्ट्रपति को विभिन्न देशों के राष्ट्रीय ध्वज भेंट किए। ये ध्वज विश्वविद्यालय के विविध अंतरराष्ट्रीय छात्र समुदाय और विभिन्न देशों के बीच शांति एवं सद्भाव के प्रतीक रहे।
उपराष्ट्रपति ने उत्कृष्ट शैक्षणिक उपलब्धियां हासिल करने वाले विद्यार्थियों को ‘आउटस्टैंडिंग फॉरेन स्टूडेंट ऑफ द ईयर’ का ‘प्रो. (डॉ.) एस.बी. मजूमदार पुरस्कार’ और स्वर्ण पदक प्रदान किए।
इस अवसर पर महाराष्ट्र के राज्यपाल श्री जिष्णु देव वर्मा, महाराष्ट्र सरकार के उच्च एवं तकनीकी शिक्षा मंत्री श्री चंद्रकांत पाटिल, सिम्बायोसिस इंटरनेशनल (डीम्ड यूनिवर्सिटी) की कुलाधिपति डॉ. विद्या येरवडेकर और कुलपति डॉ. रामकृष्णन रमन सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
