सुरक्षित बचपन अभियान में 79 शिक्षक प्रशिक्षित

👁 0 Views

राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) के निर्देशानुसार एवं राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा), जयपुर के तत्वावधान में संचालित ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के द्वितीय चरण के तहत 20 नवंबर को जयपुर के एडीआर सेंटर में विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर महानगर-द्वितीय की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में चयनित सरकारी एवं निजी विद्यालयों के 79 शिक्षकों को प्रशिक्षित किया गया।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव श्रीमती पल्लवी शर्मा ने बताया कि लगभग 50 विद्यालयों से नामित शिक्षकों को बाल सुरक्षा, पॉक्सो अधिनियम के प्रति जागरूकता एवं विधिक साक्षरता के लिए प्रशिक्षित किया गया है। ये शिक्षक अपने-अपने विद्यालयों में रिसोर्स पर्सन के रूप में कार्य करेंगे।

प्रशिक्षण का उद्देश्य शिक्षकों को बच्चों के अधिकारों की रक्षा, निःशुल्क विधिक सहायता की जानकारी तथा संवेदनशील मामलों की समयबद्ध निगरानी एवं रिपोर्टिंग के लिए सक्षम बनाना है।

कार्यक्रम में मुख्य वक्ता विशिष्ट न्यायाधीश पॉक्सो एक्ट श्री विकास कुमार खंडेलवाल ने पॉक्सो अधिनियम के प्रावधानों, बच्चों के कानूनी अधिकारों और बाल-मित्रवत न्यायिक प्रक्रिया की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दुर्व्यवहार के मामलों में बच्चे की पहचान और निजता की गोपनीयता बनाए रखना कानूनी रूप से अनिवार्य है।

बाल कल्याण समिति की कार्यवाहक अध्यक्ष सुश्री शांति भटनागर ने संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों के मामलों में बाल कल्याण समिति, पुलिस और जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के बीच समन्वय की भूमिका समझाई। वहीं बाल परामर्शदाता डॉ. पूनम गर्ग ने बच्चों से आयु के अनुरूप संवाद, व्यक्तिगत सुरक्षा, सुरक्षित एवं असुरक्षित स्पर्श की पहचान और जरूरतमंद बच्चों की पहचान करने के मनोवैज्ञानिक पहलुओं पर मार्गदर्शन दिया।

प्रशिक्षण के दौरान ऑनलाइन सुरक्षा, साइबर ग्रूमिंग, तकनीक से जुड़े जोखिमों और सेक्सटॉर्शन जैसे गंभीर खतरों से बच्चों को सुरक्षित रखने के उपायों पर भी चर्चा की गई।

कार्यक्रम में एलएडीसी के चीफ श्री जनार्दन कुमार आत्रेय, डिप्टी श्री अमित कुमार जैन, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के कर्मचारी और विभिन्न विद्यालयों के शिक्षक उपस्थित रहे। मंच संचालन श्रीमती शालू सरोज ने किया।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *