वायु गुणवत्ता प्रबंध आयोग के अध्यक्ष श्री राजेश वर्मा ने कहा कि राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) में वायु प्रदूषण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए वर्ष 2027 की राज्य स्तरीय कार्ययोजना के साथ-साथ जिला स्तरीय कार्ययोजनाएं भी तैयार की जाएंगी। प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों में आधुनिक तकनीक का अधिकाधिक उपयोग सुनिश्चित किया जाएगा।
श्री वर्मा सोमवार को शासन सचिवालय में एनसीआर क्षेत्र में वायु गुणवत्ता सुधार एवं प्रदूषण नियंत्रण के लिए प्रदेश में किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा के लिए आयोजित उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। बैठक में मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
आयोग अध्यक्ष ने कहा कि एनसीआर में वायु प्रदूषण की समस्या गंभीर है। विशेष रूप से भिवाड़ी में वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) में सुधार के लिए विशेष प्रयास किए जाने की आवश्यकता है। उन्होंने औद्योगिक प्रदूषण, वाहनों से होने वाले उत्सर्जन, सड़क की धूल, निर्माण एवं विध्वंस गतिविधियों, पराली एवं बायोमास जलाने तथा यातायात जाम से होने वाले प्रदूषण की रोकथाम के लिए किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
‘नो पीयूसीसी, नो फ्यूल’ व्यवस्था की शत-प्रतिशत पालना के निर्देश
श्री वर्मा ने एनसीआर क्षेत्र के पेट्रोल पंपों एवं सीएनजी स्टेशनों पर ऑटोमेटिक नंबर प्लेट रिकॉग्निशन (ANPR) कैमरे लगाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ‘नो पीयूसीसी, नो फ्यूल’ व्यवस्था के तहत वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र (PUCC) नहीं रखने वाले वाहनों को ईंधन उपलब्ध नहीं कराया जाए। इसके लिए प्रभावी निगरानी व्यवस्था भी विकसित की जाए।
प्रमुख शासन सचिव, परिवहन विभाग ने बताया कि एनसीआर क्षेत्र के 362 पेट्रोल पंपों पर ANPR कैमरे लगाने का कार्य प्रगतिरत है। इस वर्ष पीयूसीसी नियमों के उल्लंघन पर कुल 76,151 चालान किए गए हैं। इसके अतिरिक्त 438 वाहनों को स्क्रैप किया गया है तथा 1,526 वाहनों के स्थानांतरण के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी किए गए हैं।
आयोग अध्यक्ष ने एनसीआर में ऑटोमेटेड चालान व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए चिह्नित स्थानों पर इंटीग्रेटेड ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम (ITMS) कैमरे लगाने का कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही ऑनलाइन डिलीवरी सेवाओं में इस्तेमाल होने वाले वाहनों को प्राथमिकता से इलेक्ट्रिक वाहनों में बदलने पर जोर दिया।
‘परिवर्तन’ योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
श्री वर्मा ने ‘परिवर्तन’ योजना का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि BS-VI मानकों से पुराने ट्रकों एवं बसों को BS-VI मानक वाले वाहनों अथवा CNG और इलेक्ट्रिक वाहनों जैसे स्वच्छ ईंधन आधारित विकल्पों से बदलने की प्रक्रिया में तेजी लाई जाए।
उन्होंने एनसीआर क्षेत्र में पुराने एवं अधिक प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा BS-III एवं इससे नीचे के उत्सर्जन मानकों वाले वाहनों की स्क्रैपिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रमुख शासन सचिव, परिवहन विभाग ने बताया कि अलवर एवं भरतपुर में कुल 5,732 डीजल ऑटोरिक्शा में से 4,232 के संचालन पर रोक लगाई जा चुकी है। साथ ही ‘परिवर्तन’ योजना के तहत पुराने वाहनों को बदलने का कार्य भी तेजी से किया जा रहा है।
सड़क की धूल एवं निर्माण गतिविधियों से होने वाले प्रदूषण पर नियंत्रण
श्री वर्मा ने कहा कि सड़क की धूल एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण का प्रमुख स्रोत है। इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए मैकेनाइज्ड रोड स्वीपिंग सहित अन्य उपाय प्राथमिकता से लागू किए जाएं। उन्होंने सड़कों से धूल हटाने के कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
उन्होंने 500 वर्ग मीटर से अधिक क्षेत्रफल वाले निर्माण एवं विध्वंस स्थलों का अनिवार्य ऑनलाइन पंजीकरण कराने तथा वहां कैमरे एवं पार्टिकुलेट मैटर (PM) सेंसर लगाकर दूरस्थ निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
औद्योगिक प्रदूषण की सतत निगरानी के निर्देश
आयोग अध्यक्ष ने औद्योगिक इकाइयों में ऑनलाइन सतत उत्सर्जन निगरानी प्रणाली (OCEMS) तथा वायु प्रदूषण नियंत्रण उपकरणों (APCD) की उचित स्थापना और नियमित संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने औद्योगिक इकाइयों से होने वाले उत्सर्जन की निरंतर निगरानी तथा निर्धारित उत्सर्जन मानकों की अनिवार्य पालना पर जोर दिया।
उन्होंने आयोग के दिशा-निर्देशों का उल्लंघन करने वाली स्टोन क्रशर इकाइयों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई करने को कहा। साथ ही स्टोन क्रशर इकाइयों का अनिवार्य ऑनलाइन पंजीकरण कराने तथा कैमरे एवं पार्टिकुलेट मैटर सेंसर लगाकर उनकी दूरस्थ निगरानी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में एनसीआर क्षेत्र के औसत मासिक वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) के रुझानों की भी समीक्षा की गई।
वायु गुणवत्ता को राष्ट्रीय औसत स्तर तक लाने का लक्ष्य
मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास ने कहा कि राज्य सरकार एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण नियंत्रण एवं वायु गुणवत्ता में सुधार के लिए गंभीरता से प्रयास कर रही है। सरकार का लक्ष्य एनसीआर क्षेत्र की वायु गुणवत्ता को राष्ट्रीय औसत स्तर तक लाना है।
उन्होंने राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल को औद्योगिक एवं अन्य प्रमुख प्रदूषण स्रोतों से होने वाले उत्सर्जन की गहन निगरानी करने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि एनसीआर क्षेत्र की सभी औद्योगिक इकाइयों में निर्धारित उत्सर्जन मानकों की सख्ती से पालना करवाई जाए और स्टोन क्रशर इकाइयों की नियमित निगरानी की जाए।
मुख्य सचिव ने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा एनसीआर में प्रदूषण प्रबंधन के प्रयासों की निरंतर निगरानी की जा रही है। ऐसे में सभी संबंधित विभाग अपने दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें। उन्होंने निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप प्रगति की नियमित समीक्षा एवं रिपोर्टिंग करने तथा लंबित कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।
राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल की अध्यक्ष श्रीमती अपर्णा अरोड़ा ने बैठक में एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण नियंत्रण के लिए किए जा रहे कार्यों एवं उनकी प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि प्रदूषण नियंत्रण नियमों का उल्लंघन करने वाली औद्योगिक इकाइयों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। औद्योगिक उत्सर्जन की निगरानी एवं प्रदूषण नियंत्रण संबंधी प्रावधानों की पालना सुनिश्चित की जा रही है।
आयोग अध्यक्ष श्री राजेश वर्मा ने भरतपुर, कोटपूतली-बहरोड़, खैरथल-तिजारा, अलवर एवं डीग के जिला कलेक्टरों से भी संवाद किया। उन्होंने संबंधित जिलों में एक्शन प्लान के क्रियान्वयन की प्रगति की जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने वर्ष 2027 के लिए एनसीआर क्षेत्र में वायु प्रदूषण नियंत्रण एवं वायु गुणवत्ता में सुधार के उद्देश्य से राज्य स्तरीय कार्ययोजना के साथ-साथ जिला स्तरीय कार्ययोजनाएं तैयार करने के निर्देश दिए।
बैठक में वायु गुणवत्ता प्रबंध आयोग के तकनीकी सदस्य डॉ. एस.डी. अत्री, तकनीकी निदेशक श्री राम कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त मुख्य सचिव वन एवं पर्यावरण श्री आनंद कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव नगरीय विकास एवं आवासन विभाग श्री आलोक गुप्ता, प्रमुख शासन सचिव परिवहन विभाग श्री भवानी सिंह देथा, प्रमुख शासन सचिव कृषि श्रीमती मंजू राजपाल, शासन सचिव स्वायत्त शासन विभाग श्री रवि जैन, शासन सचिव पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग श्रीमती शैलजा देवल, राजस्थान राज्य प्रदूषण नियंत्रण मंडल के सदस्य सचिव श्री कपिल चंद्रवाल, परिवहन विभाग के कमिश्नर श्री पुरुषोत्तम शर्मा तथा स्वायत्त शासन विभाग के निदेशक श्री प्रतीक जूवेयकर सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
