कार्तिक पूर्णिमा एवं देव दिवाली के पावन अवसर पर मंगलवार को गालव ऋषि की तपोभूमि गलता तीर्थ में भव्य दीपदान एवं आरती का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिला कलक्टर संदेश नायक ने सपत्नीक गलता तीर्थ पहुंचकर दीपदान किया और श्रद्धालुओं के साथ पूजा-अर्चना में भाग लिया।
5100 दीपों से जगमगाते गलता तीर्थ में जिला कलक्टर ने सीताराम जी के मुख्य मंदिर, गालव ऋषि मंदिर एवं गलता जी मंदिर में विधिवत मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। उन्होंने गंगा आरती में भाग लेकर दीपदान किया तथा पुष्प एवं श्रीफल अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
देव दिवाली के अवसर पर जिला प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं के लिए विशेष आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। श्रद्धालुओं ने दीपदान, पुष्प एवं पंचद्रव्य अर्पित कर गंगार्चन किया।
इस दौरान पुजारी पंडित मातृ प्रसाद शर्मा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करवाई। उन्होंने गंगा आरती के साथ धूप, दीप एवं नैवेद्य अर्पित कर देवताओं का पूजन संपन्न कराया।
कार्यक्रम के दौरान मंदिर ट्रस्ट की ओर से जिला कलक्टर एवं प्रशासनिक अधिकारियों का स्वागत एवं सत्कार किया गया। वहीं, विद्यार्थियों और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।
इस अवसर पर अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम राजीव द्विवेदी, अतिरिक्त जिला कलक्टर चतुर्थ आशीष कुमार, एसडीएम जयपुर खुशबू शर्मा, देवस्थान विभाग के महेंद्र देवतवाल, मनोज शर्मा सहित जिला प्रशासन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
