Headlines

सीईओ शुभम भैंसारे ने मतदाता जागरूकता साइकिल रैली को दिखाई हरी झंडी

👁 2 Views

जयपुर, 6 सितंबर 2026। नगरीय निकाय आम चुनाव में आमजन को मतदान के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन कार्यालय जयपुर एवं राजस्थान रोड राइडर्स साइकिलिंग क्लब के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को मतदाता जागरूकता साइकिल रैली आयोजित की गई।

स्वीप (सुव्यवस्थित मतदाता शिक्षा एवं निर्वाचक सहभागिता) कार्यक्रम के तहत आयोजित यह रैली अमर जवान ज्योति, जनपथ, एसएमएस स्टेडियम से जलमहल तक निकाली गई। स्वीप कार्यक्रम के प्रभारी एवं सीईओ जिला परिषद जयपुर शुभम भैंसारे ने अमर जवान ज्योति से रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने स्वयं साइकिल चलाकर मतदाता जागरूकता का संदेश भी दिया।

इस अवसर पर शुभम भैंसारे ने कहा कि जिस प्रकार स्वस्थ रहने के लिए साइकिलिंग जरूरी है, उसी प्रकार स्वस्थ लोकतंत्र के लिए मतदान बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिले के मतदाताओं से लोकतंत्र के इस पर्व में बढ़-चढ़कर भाग लेने और अपने मताधिकार का प्रयोग करने की अपील की।

उन्होंने बताया कि जयपुर जिले में 9 सितंबर, बुधवार को 2 नगर परिषदों एवं 16 नगरपालिकाओं के कुल 540 वार्डों के लिए मतदान होगा। वहीं, 11 सितंबर, शुक्रवार को जयपुर नगर निगम के कुल 150 वार्डों के लिए मतदान कराया जाएगा। दोनों चरणों में मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक रहेगा।

रैली में राजस्थान रोड राइडर्स के संरक्षक डॉ. जीएल शर्मा, अध्यक्ष विजेंद्र सिंह पाड़ला, उप निदेशक जनसंपर्क हेमंत सिंह, जिला नोडल स्वीप समन्वयक दिनकर शर्मा, रॉबिन हुड आर्मी जयपुर की संयोजक रेनू जिंदल सहित बड़ी संख्या में साइकिलिस्ट शामिल हुए। प्रतिभागियों ने साइकिलिंग के माध्यम से लोगों को मतदान के महत्व के प्रति जागरूक किया और अधिक से अधिक मतदान का संदेश दिया।

👁 2 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *