ड्रग तस्कर और परिजनों के 32 लाख के चार वाहन फ्रीज

👁 1 Views

अजमेर। मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ अजमेर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने तस्कर तरुण नाहरिया और उसके परिजनों के नाम पर खरीदे गए चार वाहनों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(2) के तहत फ्रीज करवाया है। इन वाहनों की कुल कीमत करीब 32 लाख रुपये आंकी गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने मादक पदार्थों की तस्करी और सप्लाई से अर्जित अवैध आय से अपने नाम के साथ-साथ पत्नी और माता के नाम पर भी वाहन खरीदे थे। इस संबंध में सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, दिल्ली ने 9 नवंबर 2026 को वाहनों को फ्रीज करने के आदेश जारी किए।

पुलिस मुख्यालय राजस्थान, जयपुर की ओर से एनडीपीएस एक्ट के तहत चालानशुदा अपराधियों की अवैध संपत्तियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अगरवाला के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर एवं मुख्यालय हिमांशु जांगिड़ तथा वृत्ताधिकारी दक्षिण नगर मनीष बडगूजर के सुपरविजन में रामगंज थानाधिकारी हरिपाल सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई।

31.46 ग्राम एमडी के साथ हुई थी गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार 6 अगस्त 2026 को रामगंज थाना पुलिस ने तरुण नाहरिया पुत्र सम्पत (31) निवासी सांसी बस्ती, भगवानगंज, थाना रामगंज, अजमेर को 31.46 ग्राम एमडी मादक पदार्थ के साथ गिरफ्तार किया था। इसके बाद आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम ने आरोपी की मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध आय और उससे खरीदी गई संपत्तियों की वित्तीय जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपने नाम पर दो वाहन, पत्नी नेहा के नाम पर एक वाहन और माता दुर्गा देवी के नाम पर एक वाहन खरीदा था।

सक्षम प्राधिकारी ने जारी किए फ्रीजिंग आदेश

पुलिस टीम ने तस्करी से अर्जित अवैध आय से खरीदे गए वाहनों से संबंधित दस्तावेज जुटाकर सक्षम प्राधिकारी एवं प्रशासक, दिल्ली के समक्ष एनडीपीएस एक्ट की धारा 68एफ(2) के तहत संपत्तियां फ्रीज करने का प्रस्ताव पेश किया। इस पर सक्षम प्राधिकारी ने 9 नवंबर 2026 को संबंधित संपत्तियों को फ्रीज करने के आदेश जारी किए।

फ्रीज किए गए चार वाहनों में शामिल हैं:

  • तरुण नाहरिया के नाम पर होंडा एनएक्स 200 मोटरसाइकिल।
  • तरुण नाहरिया के नाम पर टोयोटा इनोवा 2.5V कार।
  • पत्नी नेहा के नाम पर टीवीएस जुपिटर 125 मोटरसाइकिल।
  • माता दुर्गा देवी के नाम पर एक टीवीएस वाहन।

पुलिस के अनुसार इन चारों वाहनों की कुल कीमत करीब 32 लाख रुपये है। अजमेर पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित अवैध संपत्तियों के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *