किशनगढ़ में ज्वैलरी खरीदने के बहाने व्यापारी को झांसा देकर करीब 1510 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हुए तीन आरोपियों को मदनगंज थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये कीमत के सोने के आभूषण और 1 लाख 32 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने तकनीकी अनुसंधान और 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान की और लगातार पीछा कर उन्हें गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक अजमेर हर्षवर्धन अगरवाला के निर्देश पर संपत्ति संबंधी अपराधों, लूट, चोरी एवं नकबजनी के मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. लाल चंद कायल और वृत्ताधिकारी किशनगढ़ शहर धर्मराज चौधरी के निर्देशन में थानाधिकारी मदनगंज भवानी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
ज्वैलरी खरीदने का ऑर्डर देकर व्यापारी को बुलाया
पुलिस के अनुसार परिवादी मनफूल सोनी निवासी चाड़वास, जिला चूरू ने 10 नवंबर 2026 को मदनगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। परिवादी ने बताया कि वह चाड़वास स्थित पायल ज्वैलर्स का प्रोपराइटर है। उसके मोबाइल पर किशनगढ़ निवासी राहुल सोनी पिछले तीन-चार दिनों से फोन कर उसकी फर्म से ज्वैलरी खरीदने का ऑर्डर दे रहा था।
उसके झांसे में आकर परिवादी ने 5 नवंबर 2026 को अपने स्टाफ के कर्मचारी राम सोनी और मनोज सोनी को करीब 1510 ग्राम वजन के सोने के आभूषण बिल सहित राहुल सोनी के पास किशनगढ़ भेजा।
दोनों कर्मचारी दोपहर करीब 3:30 बजे किशनगढ़ पहुंचे। राहुल सोनी उन्हें गुणसागर ज्वैलर्स के ऊपर स्थित मकान में ले गया। वहां कर्मचारियों ने उसे आभूषण दिखाकर बिल सौंप दिया। राहुल ने माल का चयन करने का बहाना बनाया और वहां से चला गया।
कर्मचारियों ने कई बार फोन किया तो वह वापस आया और भुगतान तथा शेष सामान देने के बहाने उन्हें आरआर ज्वैलर्स, मदनगंज ले गया। वहां कर्मचारियों को खड़े रहने के लिए कहकर राहुल सोनी स्कूटी लेकर फरार हो गया।
500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली
मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपियों और चोरी गए आभूषणों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित कीं। पुलिस टीमों ने आपसी समन्वय से किशनगढ़ शहर की गलियों और प्रमुख मार्गों पर लगे 500 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपियों की पहचान की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। उनकी तलाश में पुलिस टीमों ने कई दिनों तक पीछा किया और ब्यावर, राजसमंद, अजमेर, लाडनूं, चूरू, बीकानेर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, हरिद्वार और जयपुर सहित विभिन्न शहरों में दबिश दी।
तीन आरोपी गिरफ्तार, सोने के आभूषण और नकदी बरामद
पुलिस ने मामले में राहुल कुमार सोनी (39) निवासी चूरू, हाल मदनगंज, अविनाश कुमार सिंह (37) निवासी सुल्तानपुर, उत्तर प्रदेश, हाल रामगंज, जिला अजमेर तथा प्रेम नवलानी (34) निवासी रामगंज, जिला अजमेर को गिरफ्तार किया है।
आरोपियों के कब्जे से करीब 1 करोड़ 80 लाख रुपये कीमत के सोने के विभिन्न आभूषण और 1 लाख 32 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
