अलवर में भव्य दीपोत्सव, भूपेंद्र यादव-रणदीप हुड्डा ने जलाए 11 हजार दीप

👁 1 Views

केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव और अलवर टाइगर मैराथन के ब्रांड एम्बेसडर एवं फिल्म अभिनेता रणदीप हुड्डा ने शुक्रवार को होप सर्कस पर आयोजित दीपोत्सव कार्यक्रम में लेजर एंड साउंड शो तथा भजन संध्या का विधिवत शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने जगन्नाथ जी महाराज एवं त्रिपोलिया महादेव मंदिर में पूजा-अर्चना कर देश-प्रदेश की खुशहाली की कामना की। साथ ही कम्पनी बाग में आयोजित 11 हजार दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में भाग लिया और कम्पनी बाग रोड पर लगे हाट बाजार का अवलोकन कर स्वयं खरीदारी की।

केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव ने आमजन को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस बार अलवर की दीपावली को खास और आकर्षक बनाने के लिए विशेष आयोजन किए गए हैं। लेजर एंड साउंड शो के माध्यम से आधुनिक तकनीक और आकर्षक प्रकाश संयोजन के जरिए शहरवासियों को क्षेत्र की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं गौरवशाली विरासत से परिचित कराने का प्रयास किया गया है। वहीं, यूनाइटेड रोटरी क्लब की ओर से आयोजित भजन संध्या ने भक्तिमय प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को आध्यात्मिक और आनंदमय बनाया।

हाट बाजार का किया अवलोकन, पथ विक्रेताओं से लिया फीडबैक

केंद्रीय मंत्री ने जिला प्रशासन की ओर से कम्पनी बाग रोड पर लगाए गए हाट बाजार का अवलोकन किया। यह पहल शहर की स्वच्छता एवं सुंदरता बनाए रखने के साथ पथ विक्रेताओं को एक ही स्थान पर अपना सामान बेचने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से की गई है।

इस दौरान यादव ने स्वयं खरीदारी कर पथ विक्रेताओं का उत्साह बढ़ाया और उनसे बाजार की व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया।

मंदिरों में पूजा-अर्चना कर की खुशहाली की कामना, 11 हजार दीपक किए प्रज्ज्वलित

कार्यक्रम से पहले भूपेंद्र यादव और रणदीप हुड्डा ने जगन्नाथ जी महाराज एवं त्रिपोलिया महादेव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना की तथा देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की।

इसके बाद उन्होंने एमआईए के समस्त औद्योगिक संगठनों की ओर से कम्पनी बाग में आयोजित 11 हजार दीपक प्रज्ज्वलन कार्यक्रम में भाग लेकर दीप जलाए। इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आमजन को जूट के थैलों का वितरण किया गया। साथ ही मिट्टी के दीपक बनाने वाले कारीगरों से बातचीत कर उनके अनुभव भी जाने।

कार्यक्रम में नगर निगम महापौर सुमनलता अग्रवाल, सरस डेयरी चेयरमैन नितिन सांगवान, केंद्रीय सहकारी बैंक एवं क्रय-विक्रय समिति अध्यक्ष संजय नरूका, अशोक गुप्ता, महासिंह चौधरी, पूर्व सभापति अजय अग्रवाल, अरुण जैन, लक्ष्मीनारायण गुप्ता सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में शहरवासी उपस्थित रहे।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *