उपराष्ट्रपति श्री सी.पी. राधाकृष्णन ने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की उल्लेखनीय प्रगति यह दर्शाती है कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति प्रतिबद्धताएं आर्थिक विकास में बाधा नहीं, बल्कि देश की विकास यात्रा की प्रेरक शक्ति हैं।
उपराष्ट्रपति गुरुवार को नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में आयोजित भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं एक्सपो-2026 के समापन सत्र को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने नवीकरणीय ऊर्जा क्षेत्र में भारत की उपलब्धियों, सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता तथा परिवारों, किसानों और समुदायों को सशक्त बनाने में स्वच्छ ऊर्जा की परिवर्तनकारी भूमिका को रेखांकित किया।
भारत जैसे बड़े विकासशील देश के लिए जीवाश्म ईंधन पर निर्भरता कम करते हुए तेज आर्थिक विकास बनाए रखने की संभावनाओं को लेकर पहले जताई गई आशंकाओं का उल्लेख करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि भारत ने अपनी उपलब्धियों से इन आशंकाओं का जवाब दिया है।
उन्होंने बताया कि भारत की गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित स्थापित विद्युत क्षमता 300 गीगावाट के पार पहुंच चुकी है। देश ने वर्ष 2025 तक अपनी स्थापित विद्युत क्षमता का 50 प्रतिशत गैर-जीवाश्म ईंधन स्रोतों से प्राप्त करने का लक्ष्य निर्धारित समय से पांच वर्ष पहले ही हासिल कर लिया। पिछले एक दशक में देश की सौर ऊर्जा स्थापित क्षमता 3 गीगावाट से भी कम से बढ़कर 170 गीगावाट से अधिक हो गई है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि एक समय सौर ऊर्जा से उत्पादित बिजली की लागत कोयला आधारित बिजली की तुलना में कई गुना अधिक थी, लेकिन आज यह भारत में बिजली के सबसे सस्ते स्रोतों में शामिल है। यह बदलाव मजबूत नीतियों, निजी क्षेत्र के प्रयासों तथा राज्यों और नागरिकों की सामूहिक भागीदारी का परिणाम है।
उन्होंने हाइड्रोजन ऊर्जा के क्षेत्र में भारत की प्रगति पर भी प्रसन्नता व्यक्त की और विश्वास जताया कि विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी में निरंतर विकास से आने वाले वर्षों में हाइड्रोजन ऊर्जा अधिक किफायती होगी। उन्होंने कहा कि भारत का नवीकरणीय ऊर्जा परिवर्तन न केवल देश के लिए एक उल्लेखनीय उपलब्धि है, बल्कि वैश्विक दक्षिण के अन्य देशों के लिए भी प्रेरणादायी है।
श्री राधाकृष्णन ने कहा कि पिछले एक दशक की उपलब्धियां प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के इस विजन को साकार करती हैं कि पर्यावरणीय प्रतिबद्धताएं विकास की प्रेरक बन सकती हैं। स्वच्छ ऊर्जा से बिजली की उपलब्धता बढ़ रही है, उद्योगों की लागत कम हो रही है, रोजगार के नए अवसर सृजित हो रहे हैं और ऊर्जा आयात पर निर्भरता घट रही है।
उद्योग और शिक्षा जगत के बीच मजबूत सहयोग की आवश्यकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि वर्ष 2040 की तकनीकें आज की प्रयोगशालाओं और स्टार्टअप से विकसित होंगी। उन्होंने अनुसंधान, नवाचार और उद्यमशीलता को बढ़ावा देने का आह्वान किया।
सौर योजनाओं से परिवारों और किसानों को मिल रहा लाभ
उपराष्ट्रपति ने बताया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के अंतर्गत 65 लाख से अधिक परिवार सौर ऊर्जा अभियान से जुड़ चुके हैं और उन्हें किफायती स्वच्छ ऊर्जा का लाभ मिल रहा है। वहीं, पीएम-कुसुम योजना के तहत लगभग 30 लाख किसान लाभान्वित हुए हैं।
उन्होंने कहा कि सौर पंपों के माध्यम से किसानों को डीजल पर होने वाले खर्च में बचत, अतिरिक्त आय अर्जित करने और खाद्यान्न उत्पादन के साथ ऊर्जा उत्पादन में भी योगदान देने का अवसर मिल रहा है। इस तरह किसान अन्नदाता के साथ ऊर्जादाता भी बन रहे हैं।
उन्होंने बताया कि पीएम-जनमन और धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत दूरदराज के जनजातीय क्षेत्रों तक बिजली पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं, जहां पारंपरिक बिजली ग्रिड की सुविधा उपलब्ध कराना कठिन हो सकता है। बिजली की उपलब्धता से शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं, संचार और आजीविका के नए अवसर विकसित होते हैं। उन्होंने कहा कि ऊर्जा संबंधी समाधान शहरों, गांवों और दूरस्थ बस्तियों की आवश्यकताओं के अनुरूप होने चाहिए।
नवीकरणीय ऊर्जा को जन आंदोलन बनाने का आह्वान
उपराष्ट्रपति ने कहा कि नवीकरणीय ऊर्जा का परिवर्तन एक जन आंदोलन होना चाहिए और इसे केवल सरकार के प्रयासों से सफल नहीं बनाया जा सकता। इसके लिए शिक्षकों, विद्यार्थियों, उद्यमियों और आम नागरिकों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। जनभागीदारी से स्वच्छ ऊर्जा को अपनाने की प्रक्रिया तेज होगी और नए आर्थिक अवसरों एवं रोजगार के साधनों का सृजन होगा।
मिशन लाइफ (पर्यावरण के लिए जीवनशैली) का उल्लेख करते हुए उन्होंने ऊर्जा दक्षता अपनाने, सोच-समझकर उपभोग करने और अपशिष्ट का जिम्मेदारीपूर्वक निस्तारण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति के छोटे-छोटे प्रयासों का सामूहिक प्रभाव सतत विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे सकता है।
उपराष्ट्रपति ने कहा कि वैश्विक जलवायु लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए आगामी दशक बेहद महत्वपूर्ण है। भारत वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने और वर्ष 2070 तक शुद्ध शून्य उत्सर्जन का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2070 तक भारत की बिजली मांग वर्तमान की तुलना में लगभग सात गुना बढ़ सकती है। ऐसे में पर्यावरण संरक्षण के साथ स्वच्छ, विश्वसनीय और किफायती बिजली की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक होगा।
चर्चाओं को परियोजनाओं और परियोजनाओं को बिजली उत्पादन में बदलें
शिखर सम्मेलन में हुई चर्चाओं को ठोस कार्यों में बदलने का आह्वान करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा, “चर्चाओं को परियोजनाओं में और परियोजनाओं को विद्युत उत्पादन में बदलें।”
उन्होंने वैश्विक सहयोग पर जोर देते हुए कहा कि यदि दुनिया को सूर्य के प्रकाश से आलोकित करना है, तो इसके लिए सभी देशों को मिलकर प्रयास करने होंगे।
इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले राज्यों, सरकारी विभागों, विक्रेताओं, ब्रांड मालिकों और सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों को नवीकरणीय ऊर्जा उत्कृष्टता पुरस्कार एवं पीएम सूर्य घर पुरस्कार प्रदान किए।
कार्यक्रम में केंद्रीय नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री प्रह्लाद जोशी, राज्य मंत्री श्री श्रीपद येसो नाइक, भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार डॉ. अजय कुमार सूद तथा नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा मंत्रालय के सचिव श्री संतोष कुमार सारंगी उपस्थित रहे।
शिखर सम्मेलन में साझेदार देशों के प्रतिनिधियों, नीति निर्माताओं, निवेशकों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, ज्ञान भागीदारों, प्रदर्शकों और अन्य गणमान्य लोगों ने भी भाग लिया।
