आत्मा योजना के तहत वर्ष 2026-27 में कृषि क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कृषकों को पंचायत समिति, जिला एवं राज्य स्तर पर पुरस्कृत किया जाएगा।
उप निदेशक कृषि एवं पदेन परियोजना निदेशक आत्मा, जयपुर ओमप्रकाश कुमावत ने बताया कि पंचायत समिति स्तर पर कृषकों का गतिविधिवार चयन किया जाएगा। इनमें कृषि, उद्यानिकी, पशुपालन एवं डेयरी, जैविक खेती तथा नवाचार खेती शामिल हैं। प्रत्येक गतिविधि में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक-एक कृषक का चयन किया जाएगा। इस प्रकार प्रत्येक पंचायत समिति से कुल पांच कृषकों का चयन होगा।
पंचायत समिति स्तर पर चयनित कृषकों में से जिला स्तर पर प्रत्येक गतिविधि के दो-दो सर्वश्रेष्ठ कृषकों का चयन किया जाएगा। इस तरह जिला स्तर पर कुल 10 कृषक पुरस्कृत होंगे। इसके बाद प्रदेशभर से चयनित कृषकों में से राज्य स्तर पर प्रथम एवं द्वितीय श्रेणी में पांच-पांच, कुल 10 कृषकों को पुरस्कार दिया जाएगा।
उन्होंने बताया कि वर्ष 2009-10 से 2025-26 तक आत्मा योजना अथवा किसी अन्य योजना के तहत पंचायत समिति, जिला या राज्य स्तर पर पुरस्कृत हो चुके कृषक वर्ष 2026-27 के पुरस्कार के लिए पात्र नहीं होंगे।
पुरस्कार राशि पंचायत समिति स्तर पर 10 हजार रुपए, जिला स्तर पर 25 हजार रुपए तथा राज्य स्तर पर 50 हजार रुपए निर्धारित की गई है।
आवेदन प्रस्ताव के साथ कृषक का नाम, पिता का नाम, निवास स्थान, पंचायत समिति का नाम, मोबाइल नंबर, आधार संख्या, आईएफएससी कोड सहित बैंक खाता विवरण, कार्य विवरण, उपलब्धियों के प्रमाण-पत्र, रंगीन फोटोग्राफ एवं अन्य आवश्यक दस्तावेज संलग्न करना अनिवार्य है।
योजना में मनोनयन के लिए 30 अक्टूबर 2026 तक आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इच्छुक कृषक आवेदन नजदीकी कृषि पर्यवेक्षक, सहायक कृषि अधिकारी अथवा संबंधित सहायक निदेशक कृषि (विस्तार) कार्यालय में जमा करा सकते हैं। आवेदन पत्र निःशुल्क उपलब्ध है। अधिक जानकारी के लिए नजदीकी कृषि कार्यालय से संपर्क किया जा सकता है।
