गंगादास राजकीय महिला महाविद्यालय, शाहपुरा में 30 सितंबर को प्राचार्य प्रो. नरेश कुमार मीना की अध्यक्षता में एनएसएस एवं महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में ‘रोजगार के विविध अवसर एवं चुनौतियां’ विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सहायक प्रोफेसर प्रकाश चंद्र ढबास ने बताया कि कार्यशाला में मुख्य वक्ता के रूप में संभागीय रोजगार कार्यालय की संयुक्त निदेशक नवरेखा उपस्थित रहीं। उन्होंने एनएसएस स्वयंसेविकाओं एवं छात्राओं को रोजगार के विभिन्न अवसरों तथा रोजगार प्राप्त करने के दौरान आने वाली चुनौतियों से निपटने के बारे में जानकारी दी।
नवरेखा ने पुरातन भारतीय ज्ञान परंपरा को रोजगारपरक बताते हुए वर्तमान एआई के दौर में रोजगार के नए अवसरों की ओर ध्यान देने की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने छात्राओं को बदलते रोजगार परिदृश्य के अनुरूप अपने कौशल को विकसित करने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर जिला रोजगार अधिकारी चंद्र प्रकाश मीणा एवं कौशल समन्वयक, जयपुर ग्रामीण राहुल यादव ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम के दौरान आगामी सप्ताह आयोजित होने वाले एनएसएस के एक दिवसीय शिविर के लिए संयुक्त निदेशक नवरेखा को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया। महाविद्यालय प्रशासन, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी सहायक प्रोफेसर प्रकाश चंद्र ढबास एवं एनएसएस स्वयंसेविकाओं ने उन्हें आमंत्रण पत्र सौंपा।
