विकसित भारत के लिए मजबूत कृषि क्षेत्र जरूरी: भगीरथ चौधरी

👁 0 Views

कृषि एवं किसान कल्याण राज्य मंत्री श्री भगीरथ चौधरी ने आज नई दिल्ली स्थित भारत मंडपम में ‘वृद्धि, नवाचार और वैश्विक पहुँच’ विषय पर आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन ‘भारत फूड एंड एग्रो @ 2047’ में भाग लिया।

सम्मेलन को संबोधित करते हुए श्री चौधरी ने कहा कि किसान भारत की आर्थिक प्रगति के केंद्र में हैं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए एक मजबूत, सक्षम एवं आत्मनिर्भर कृषि क्षेत्र का निर्माण आवश्यक है। उन्होंने कहा कि कृषि विकास का उद्देश्य केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार, खाद्य सुरक्षा सुनिश्चित करने, टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देने और किसानों की आय में वृद्धि करने पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।

मंत्री ने कीटनाशकों एवं रासायनिक उर्वरकों के संतुलित उपयोग, अवशेष-मुक्त कृषि उत्पादन, जलवायु-अनुकूल खेती, आयातित कृषि उत्पादों के स्वदेशी विकल्प विकसित करने तथा खाद्य प्रसंस्करण के माध्यम से कृषि उत्पादों का मूल्य संवर्धन करने के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने किसानों से प्राकृतिक खेती अपनाने का आह्वान करते हुए सुझाव दिया कि वे अपनी कृषि भूमि के कम से कम 10 प्रतिशत हिस्से में प्राकृतिक खेती से शुरुआत करें और सकारात्मक अनुभवों के आधार पर धीरे-धीरे इसका विस्तार करें।

श्री चौधरी ने श्री अन्न (मोटे अनाज), विशेषकर ज्वार और बाजरा की बढ़ती संभावनाओं का उल्लेख करते हुए इनके घरेलू एवं अंतरराष्ट्रीय बाजारों का विस्तार करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इसके लिए अनुसंधान, प्रसंस्करण और नए खाद्य उत्पादों के विकास को प्रोत्साहित करना होगा। साथ ही, उन्होंने किसान उत्पादक संगठनों (FPOs), सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यमों (MSMEs) तथा किसानों और खाद्य प्रसंस्करण उद्योगों के बीच बेहतर समन्वय एवं मजबूत साझेदारी विकसित करने का आह्वान किया।

सरकार की विभिन्न पहलों का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कृषि अवसंरचना कोष, प्रधानमंत्री किसान संपदा योजना, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य प्रसंस्करण उद्यमों का औपचारीकरण (PMFME) योजना और ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) पहल को कृषि एवं खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण बताया।

उन्होंने उद्यमियों से इन सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने तथा आधुनिक तकनीक, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) और स्मार्ट पैकेजिंग जैसी नवीन तकनीकों को अपनाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि स्थानीय कृषि उत्पादों को वैश्विक बाजारों से जोड़कर किसानों और उद्यमियों के लिए नए अवसर सृजित किए जा सकते हैं।

इस सम्मेलन में उद्यमियों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, वैज्ञानिकों और नीति-निर्माताओं ने भी भाग लिया। सम्मेलन ने विभिन्न हितधारकों को अपने अनुभव साझा करने, क्षेत्र की चुनौतियों पर विचार-विमर्श करने और सहयोग की नई संभावनाएं तलाशने का अवसर प्रदान किया।

सम्मेलन में खाद्य प्रसंस्करण क्षेत्र को मजबूत बनाने, उत्पादों की गुणवत्ता में सुधार, नवाचार को प्रोत्साहन, निर्यात क्षमता के विस्तार और कृषि मूल्य संवर्धन का लाभ सीधे किसानों तक पहुंचाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की गई।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *