सरकारी ई-मार्केटप्लेस (GeM) ने ट्राइबल इंडियन चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (TICCI) के साथ एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए हैं। इस साझेदारी का उद्देश्य सार्वजनिक खरीद प्रक्रिया में आदिवासी उद्यमियों और उनके व्यवसायों की भागीदारी को बढ़ावा देना तथा उन्हें सरकारी खरीद के अवसरों से जोड़ना है।
इस समझौते के तहत लक्षित जनसंपर्क कार्यक्रमों, क्षमता निर्माण, पंजीकरण में सहायता और निरंतर मार्गदर्शन के माध्यम से आदिवासी उद्यमियों को सार्वजनिक खरीद प्रणाली से जोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
समझौता ज्ञापन पर GeM के अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री अजीत बी. चव्हाण और TICCI के संस्थापक एवं अध्यक्ष श्री सुधाकर धारावत ने हस्ताक्षर किए। इस साझेदारी का उद्देश्य GeM के माध्यम से सार्वजनिक खरीद के प्रति जागरूकता बढ़ाना, आदिवासी उद्यमियों की क्षमताओं का विकास करना और उनकी भागीदारी को अधिक व्यापक बनाना है।
इस अवसर पर GeM के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मिहिर कुमार ने कहा, “TICCI के साथ यह साझेदारी आदिवासी उद्यमियों के लिए सार्वजनिक खरीद के अवसरों का विस्तार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। हमारा उद्देश्य GeM के प्रति उनकी जागरूकता बढ़ाना, उनकी क्षमताओं का विकास करना और समावेशी भागीदारी को प्रोत्साहित करना है। इससे GeM के पारदर्शी एवं समावेशी सार्वजनिक खरीद इकोसिस्टम में उनकी भागीदारी और मजबूत होगी।”
समझौता ज्ञापन के तहत TICCI आदिवासी उद्यमियों की पहचान कर उन्हें संगठित करेगा। इसके साथ ही क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय स्तर पर आउटरीच कार्यक्रम आयोजित करने, स्थानीय स्तर पर सहयोग उपलब्ध कराने तथा प्रशिक्षकों और मार्गदर्शकों (मेंटर्स) का नेटवर्क विकसित करने की जिम्मेदारी निभाएगा।
वहीं, GeM प्रशिक्षण संसाधनों, पंजीकरण एवं ऑनबोर्डिंग में सहायता, क्षमता निर्माण कार्यक्रमों और प्रभावी शिकायत एवं समस्या समाधान तंत्र के माध्यम से इन प्रयासों को समर्थन प्रदान करेगा। दोनों संगठन संयुक्त कार्ययोजना तैयार करने, प्रगति की निगरानी करने और उद्यमियों से प्राप्त फीडबैक के आधार पर साझेदारी को लगातार बेहतर बनाने के लिए मिलकर काम करेंगे।
समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के अवसर पर श्री अजीत बी. चव्हाण ने कहा, “यह साझेदारी लक्षित जनसंपर्क, प्रशिक्षण और निरंतर मार्गदर्शन के माध्यम से GeM को आदिवासी उद्यमियों के और करीब लाने में मदद करेगी। इससे उन्हें सरकारी खरीद के अवसरों तक बेहतर पहुंच प्राप्त होगी।”
यह सहयोग सार्वजनिक खरीद प्रणाली को अधिक समावेशी बनाने के GeM के प्रयासों को और मजबूती प्रदान करेगा। इसके माध्यम से विभिन्न सामाजिक एवं आर्थिक पृष्ठभूमि के उद्यमियों और व्यवसायों को राष्ट्रीय सार्वजनिक खरीद इकोसिस्टम में भागीदारी का अवसर मिलेगा तथा उनके विकास और विस्तार के नए रास्ते खुलेंगे।
