मुख्यमंत्री एवं पर्यटन, कला-संस्कृति तथा पुरातत्व मंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में शुक्रवार को पर्यटन भवन में पर्यटन एवं संस्कृति परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्यटन, कला एवं संस्कृति तथा पुरातत्व विभाग की शासन सचिव शुचि त्यागी और पर्यटन आयुक्त रुक्मणी रियाड़ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
उप मुख्यमंत्री ने बैठक में पिछली बजट घोषणाओं के क्रियान्वयन की प्रगति की समीक्षा की तथा आगामी बजट के लिए प्रस्तावित नई योजनाओं पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधाओं और बेहतर व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
बैठक के बाद दिया कुमारी ने बताया कि पर्यटन, कला एवं संस्कृति, पुरातत्व एवं संग्रहालय विभाग तथा ADMA के अधिकारियों के साथ बजट घोषणाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और पर्यटन विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की गई। उन्होंने कहा कि राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, ऐतिहासिक धरोहरों और पर्यटन स्थलों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए सभी परियोजनाओं का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए। हमारा संकल्प है कि राजस्थान आने वाले प्रत्येक पर्यटक को सुरक्षित, सुविधाजनक और अविस्मरणीय अनुभव मिले।
प्रमुख आयोजन एवं सांस्कृतिक उत्सव
बैठक में आगामी आयोजनों की तैयारियों की समीक्षा की गई। 4 से 6 दिसंबर 2026 तक जयपुर के जवाहर कला केंद्र में आयोजित होने वाले लोक मंथन-2026 के लिए बजट स्वीकृत हो चुका है। पर्यटन विभाग इस आयोजन का नोडल विभाग होगा।
8 दिसंबर को खेतड़ी (झुंझुनूं) स्थित होटल अभयगढ़ में शेखावाटी हेरिटेज मीट आयोजित होगी। इसमें मुख्यमंत्री एवं उप मुख्यमंत्री शामिल होंगे। आयोजन में शेखावाटी की हवेलियों के संरक्षण पर चर्चा के साथ नई योजनाओं के शुभारंभ का प्रस्ताव है।
10 दिसंबर को आयोजित होने वाले प्रवासी राजस्थानी दिवस में ‘राजस्थान@2047 : विरासत, नवाचार और वैश्विक अवसर’ विषय पर पर्यटन सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के उपयोग और लग्जरी पर्यटन जैसे विषयों पर चर्चा होगी। इसके लिए व्हाइट पेपर भी तैयार किया गया है।
जोधपुर और कोटा में संभाग स्तरीय लोक नृत्य उत्सव आयोजित हो चुके हैं। शेष संभागों में सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर ये आयोजन होंगे। वर्ष 2027 में जयपुर स्थापना के 300 वर्ष पूरे होने पर ‘गोविंद देव जी कला महोत्सव’ आयोजित करने की कार्ययोजना भी तैयार की जा रही है।
नई पर्यटन नीतियों और योजनाओं पर मंथन
बैठक में राजस्थान ग्रामीण होमस्टे (पेइंग गेस्ट हाउस) सब्सिडी योजना-2026 के प्रारूप पर चर्चा हुई। इसका ड्राफ्ट वित्त विभाग के पास विचाराधीन है। संशोधित प्रस्ताव में कैपिटल सब्सिडी के स्थान पर ब्याज सब्सिडी, सात वर्षों तक 75 प्रतिशत SGST प्रतिपूर्ति तथा घरेलू दरों पर बिजली-पानी उपलब्ध कराने का प्रस्ताव है।
शेखावाटी हवेली संरक्षण योजना-2026 का प्रारूप तैयार कर वित्तीय स्वीकृति के लिए भेजा गया है। एडवेंचर टूरिज्म पॉलिसी के संबंध में हितधारकों के साथ प्रारंभिक बैठक हो चुकी है और वेबसाइट एवं सोशल मीडिया के माध्यम से सुझाव आमंत्रित किए गए हैं। वहीं, फिल्म पर्यटन प्रोत्साहन योजना-2025 के तहत अब तक चार फिल्मों को सब्सिडी जारी की जा चुकी है।
67 बजट घोषणाओं में 10 पूरी, 33 प्रगतिरत
अवसंरचना एवं विकास परियोजनाओं की समीक्षा में बताया गया कि कुल 67 बजट घोषणाओं में से 10 पूरी हो चुकी हैं, 33 पर कार्य प्रगतिरत है, 8 की स्वीकृति जारी हो चुकी है तथा 15 के प्रस्ताव प्रारंभिक चरण में हैं।
जयपुर के आमेर-नाहरगढ़ क्षेत्र में SASCI परियोजनाओं के तहत 87 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। 10 में से 5 कार्य पूर्ण हैं। आमेर में साउंड एंड लाइट शो के लिए 13 नवंबर 2026 को अनुबंध हस्ताक्षरित किया गया है। वहीं, गैटोर की छतरियों का 95 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
स्वदेश दर्शन-2.0 योजना के तहत करणी माता मंदिर (बीकानेर) में 70 प्रतिशत, खाटूश्यामजी (सीकर) में 45 प्रतिशत, मालासेरी डूंगरी (भीलवाड़ा) में 35 प्रतिशत और केशोरायपाटन (बूंदी) में 30 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है।
PRASAD योजना के तहत कोटा के बुढ़ादीत स्थित सूर्य मंदिर को चिन्हित किया गया है। कृष्ण गमन पथ और झुंझुनूं वॉर म्यूजियम की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने का कार्य प्रगतिरत है। जयपुर के विद्याधर नगर में प्रस्तावित MICE सेंटर के लिए आवंटित भूमि के संबंध में JDA और पर्यटन विभाग के बीच समन्वय किया जा रहा है।
RTDC होटलों को PPP मॉडल पर देने की तैयारी
राजस्थान पर्यटन विकास निगम (RTDC) के होटलों को सार्वजनिक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल पर विकसित करने की दिशा में प्रथम चरण में चार होटलों को लीज पर देने का प्रस्ताव है। इनमें होटल विनायक (सवाई माधोपुर), होटल मीनल (अलवर), होटल वृंदावती (बूंदी) और होटल हवेली (फतेहपुर) शामिल हैं। इनके लिए PDCOR को ट्रांजेक्शन एडवाइजर नियुक्त करने का प्रस्ताव वित्त विभाग की मंजूरी के लिए भेजा गया है।
पर्यटन के प्रचार-प्रसार के लिए ओगिल्वी (Ogilvy) की ओर से सात प्रमोशनल फिल्मों के फाइनल कॉन्सेप्ट अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किए गए हैं। बैठक में पर्यटन परियोजनाओं की प्रगति, नीतिगत पहल, आधारभूत सुविधाओं और ब्रांडिंग से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
