अतिरिक्त मुख्य सचिव खान एवं पेट्रोलियम श्रीमती अपर्णा अरोड़ा ने खान विभाग के फील्ड अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्यों के अनुरूप शत-प्रतिशत राजस्व संग्रहण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि राजस्व संग्रहण के सभी संभावित क्षेत्रों को चिह्नित कर प्रभावी वसूली की जाए। इसके लिए अधिकारियों को फील्ड में अधिक सक्रिय रहना होगा तथा राजस्व लीकेज रोकने के लिए सख्त कार्रवाई करनी होगी।
श्रीमती अरोड़ा शुक्रवार को खनिज भवन में खान विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों की समीक्षा बैठक ले रही थीं। उन्होंने बताया कि विभाग ने गत वित्तीय वर्ष की समान अवधि की तुलना में चालू वित्तीय वर्ष में अक्टूबर तक 12.98 प्रतिशत की विकास दर दर्ज करते हुए करीब 809 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व संग्रहित किया है। उन्होंने कहा कि राजस्व लक्ष्य बड़ा है और इसे चुनौती के रूप में लेते हुए समन्वित एवं ठोस प्रयास करने होंगे। फील्ड अधिकारियों के प्रयासों का असर राजस्व संग्रहण के परिणामों में दिखाई देना चाहिए।
उन्होंने विभागीय मॉनिटरिंग व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा खान निदेशालय स्तर पर राजस्व संग्रहण की नियमित समीक्षा करने के निर्देश दिए। माइनर एवं मेजर मिनरल ब्लॉकों की नीलामी की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि मेजर मिनरल की तर्ज पर माइनर मिनरल ब्लॉकों की नीलामी के लिए भी रोडमैप तैयार किया जाए, ताकि आगामी महीनों में नीलामी प्रक्रिया में तेजी लाई जा सके।
श्रीमती अरोड़ा ने कहा कि माइनिंग ब्लॉकों की नीलामी से न केवल राजस्व संग्रहण बढ़ता है, बल्कि वैध खनन को प्रोत्साहन मिलता है और अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाने में भी मदद मिलती है। इससे खनन क्षेत्र में निवेश और रोजगार के नए अवसर भी विकसित होते हैं।
बैठक में राज्य सरकार द्वारा खनन क्षेत्र में किए जा रहे ऑटोमेशन की प्रगति की समीक्षा की गई। तुलाई कांटों एवं वीटीएस के ऑटोमेशन की स्थिति का औचक निरीक्षण करने तथा अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में विशिष्ट सचिव श्रीमती नम्रता वृष्णि, उपसचिव श्री राकेश कुमार, निदेशक माइंस श्री एम.पी. मीणा, ओएसडी डॉ. अनुज सक्सेना, श्री श्रीकृष्ण शर्मा, अतिरिक्त निदेशक श्री महेश माथुर, श्री वाई.एस. सहवाल, श्री बी.एस. सोढ़ा, एडीजी श्री आलोक प्रकाश जैन, एसएमई श्री जय गुरुबख्शानी, श्री एन.एस. शक्तावत, श्री डी.पी. गौड़, श्री एस.पी. शर्मा, श्री अविनाश कुलदीप, श्री ओ.पी. काबरा, श्री सुनील शर्मा, श्री प्रताप मीणा, श्री एन.के. बैरवा, अधीक्षण भूवैज्ञानिक श्री संजय सक्सेना, श्री सुनील कुमार वर्मा, एडी आईटी श्रीमती शीतल अग्रवाल, वित्तीय सलाहकार श्री सुरेश अग्रवाल सहित खनि अभियंता उपस्थित रहे।
