राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर शुक्रवार, 2 अक्टूबर को जयपुर में शासन सचिवालय परिसर एवं गांधी सर्किल स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा स्थल पर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। गांधी सर्किल पर आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल एवं मुख्यमंत्री राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। वहीं, शासन सचिवालय परिसर में मुख्यमंत्री महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित करेंगे।
शासन सचिवालय परिसर में प्रातः 7:30 बजे तथा गांधी सर्किल पर प्रातः 8:15 बजे समारोह आयोजित होगा। कार्यक्रम में मंत्रिगण, जनप्रतिनिधिगण तथा अधिकारी-कर्मचारी भी उपस्थित रहेंगे।
कार्यक्रम के दौरान राजकीय विद्यालयों के शिक्षक एवं विद्यार्थी महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति देंगे। इसके साथ ही राष्ट्रगीत एवं राष्ट्रगान का गायन भी किया जाएगा।
सामान्य प्रशासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव नवीन जैन ने बताया कि कार्यक्रमों के सफल एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। कार्मिक विभाग को शासन सचिवालय परिसर तथा नगर निगम को गांधी सर्किल पर साफ-सफाई, मंच, पुष्पमाला, ध्वनि व्यवस्था, अतिथियों के बैठने एवं पेयजल सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा दोनों आयोजन स्थलों पर चिकित्सकीय दल, आवश्यक दवाइयों एवं पैरामेडिकल स्टाफ की व्यवस्था की जाएगी। वहीं, यातायात पुलिस द्वारा गांधी सर्किल एवं शासन सचिवालय परिसर के आसपास यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।
