राज्य सरकार की बजट घोषणा 2025-26 के तहत सिरोही जिले के शिवगंज बस स्टैंड के नए भवन निर्माण के लिए 1 करोड़ रुपये की घोषणा की गई थी। निगम स्वामित्व वाले निर्माणाधीन बस स्टैंड का शिलान्यास मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने 20 जून 2026 को किया था।
नवीन बस स्टैंड भवन का भूमि पूजन गुरुवार को ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज राज्य मंत्री ओटाराम देवासी एवं सांसद लुंबाराम चौधरी ने किया।
इस अवसर पर राज्य मंत्री ओटाराम देवासी ने कहा कि क्षेत्र के विकास एवं जनहित की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे क्षेत्रवासियों को आधुनिक एवं बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने कहा कि जिले में विभिन्न विकास कार्यों के माध्यम से आमजन को सुविधाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि सिरोही जिले में अंतिम व्यक्ति तक सुविधाओं एवं विकास का लाभ पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।
सांसद लुंबाराम चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में प्रदेश में निरंतर विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। उन्होंने नए भवन के निर्माण पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि इससे नागरिकों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
कार्यक्रम में नगरपालिका अध्यक्ष कुंदनमल, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्रीमती कंचन सोलंकी सहित अन्य सदस्यगण उपस्थित रहे।
सिरोही आगार के मुख्य प्रबंधक यशवंत राज ने बताया कि नए बस स्टैंड भवन का निर्माण 4,500 वर्गफुट कारपेट एरिया में किया जाएगा। इसमें बुकिंग कक्ष, पूछताछ कक्ष, पुलिस चौकी, यात्री प्रतीक्षालय तथा महिलाओं के लिए फीडिंग रूम का निर्माण किया जाएगा। इसके साथ ही यात्रियों एवं वाहनों के लिए पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी।
