आयुर्वेद विभाग जयपुर ‘ब’ के अधीन संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में कार्यरत आशा, एएनएम, नर्स, कंपाउंडर एवं आयुष मित्रों का दो दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। प्रशिक्षण का शुभारंभ डॉ. राजेश शर्मा एवं अतिरिक्त निदेशक आयुर्वेद विभाग, जयपुर संभाग डॉ. बत्तीलाल बैरवा ने भगवान धन्वंतरि के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
विभाग के उपनिदेशक डॉ. मुख्त्यार सिंह ने बताया कि प्रशिक्षण शिविर में प्रतिभागियों को आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर किए जाने वाले कार्यों एवं जिम्मेदारियों की जानकारी दी जा रही है। इसमें कार्ययोजना का परिचय, प्रकृति परीक्षण का महत्व, सीबीएसी फॉर्म, प्रयोगशाला जांच, सामाजिक एवं व्यक्तिगत स्वच्छता, आयुष में रेफरल प्रणाली और आयुष मेडिसिन किट से संबंधित विषय शामिल हैं।
इसके अलावा गैर-संचारी रोगों (एनसीडी) की स्क्रीनिंग, घरेलू उपचार, औषधीय पौधों का उपयोग, आयुष आईईसी गतिविधियों, योग, स्वस्थ जीवनशैली और रिपोर्टिंग प्रक्रिया के बारे में भी विस्तार से प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
चिकित्सा विशेषज्ञों ने दी प्रशिक्षण में सहभागिता
प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. पंकज कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में डॉ. सत्यनारायण शर्मा, उपनिदेशक जयपुर ‘अ’, डॉ. घनश्याम मीणा, उपनिदेशक कैंप कार्यालय, नरेंद्र शर्मा एडवोकेट, डॉ. ऋषि तिवाड़ी, डॉ. ऋचा तिवारी, डॉ. विजय कुमार, डॉ. ज्योति यादव, डॉ. कृति शर्मा और डॉ. संतोष कुमारी सहित अन्य कार्मिक उपस्थित रहे।
