भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन प्रदेश की औद्योगिक अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाने के साथ रोजगार सृजन और राजस्व अर्जन का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने पेट्रोकेमिकल आधारित अधिकाधिक औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को प्रोत्साहित करने तथा रिफाइनरी से प्राप्त उत्पादों का निर्माण और उपयोग प्रदेश में ही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री शनिवार को राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन के विकास, औद्योगिक निवेश और उपलब्ध संभावनाओं को लेकर आयोजित उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जोन के विकास से जुड़ी सभी प्रक्रियाएं निर्धारित समयसीमा में पूरी कर इसे निवेशकों के लिए आकर्षक औद्योगिक गंतव्य बनाया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि औद्योगिक भूखंडों का आवंटन केवल औपचारिकता बनकर नहीं रहना चाहिए, बल्कि आवंटित भूखंडों पर तय समय में वास्तविक औद्योगिक गतिविधियां भी शुरू होनी चाहिए।
3 माह में भूखंड आवंटन और 6 माह में उद्योग शुरू करने के निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन में औद्योगिक भूखंडों के आवंटन की प्रक्रिया आगामी तीन माह में अनिवार्य रूप से पूरी की जाए। भूखंड आवंटन के छह माह के भीतर संबंधित औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और संचालन सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने शेष उपलब्ध भूखंडों का आवंटन शीघ्र नीलामी के माध्यम से करने तथा पहले से आवंटित भूखंडों पर औद्योगिक गतिविधियां शुरू नहीं करने वाले आवंटियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि औद्योगिक भूमि का उपयोग वास्तविक उत्पादन गतिविधियों के लिए होना चाहिए। निवेश के नाम पर भूखंडों को लंबे समय तक खाली नहीं रखा जाए।
प्रदेश में ही हो पेट्रोकेमिकल उत्पादों का निर्माण
मुख्यमंत्री ने कहा कि पेट्रोकेमिकल जोन का विकास इस तरह किया जाए कि रिफाइनरी से प्राप्त उत्पादों का उपयोग प्रदेश की विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में हो सके। इससे स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा और उद्योगों की लागत एवं आपूर्ति व्यवस्था बेहतर होगी।
उन्होंने सीमेंट, पाइप सहित विभिन्न उत्पादों के निर्माण में पेट्रोकेमिकल उत्पादों के उपयोग की संभावनाओं का आकलन करने के निर्देश दिए। साथ ही प्रदेश में इन उत्पादों की वर्तमान मांग, खपत और भविष्य की औद्योगिक जरूरतों का विस्तृत अध्ययन कराने पर जोर दिया।
उन्होंने क्षेत्र में पहले से संचालित उद्योगों के उद्यमियों एवं औद्योगिक इकाइयों के प्रतिनिधियों के साथ बैठकें आयोजित करने के निर्देश भी दिए। इन बैठकों में उनकी आवश्यकताओं, मांगों और सुझावों पर चर्चा कर समस्याओं का समाधान किया जाएगा, ताकि स्थानीय उद्योगों को पेट्रोकेमिकल जोन से जोड़कर मजबूत औद्योगिक इकोसिस्टम तैयार किया जा सके।
बालोतरा में होगी निवेशकों की बैठक
मुख्यमंत्री ने बालोतरा में निवेशकों की बैठक आयोजित कर राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन में अधिकाधिक निवेश आकर्षित करने और स्थानीय स्तर पर औद्योगिक उत्पादन बढ़ाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि निवेशकों को रिफाइनरी से उपलब्ध होने वाले बाय-प्रोडक्ट्स का लाभ मिलना चाहिए। इसके लिए रिफाइनरी अधिकारियों को स्थानीय स्तर पर औद्योगिक इकाइयां स्थापित करने वाले निवेशकों को ये बाय-प्रोडक्ट्स रियायती दरों पर उपलब्ध कराने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।
निवेश प्रोत्साहन योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर
मुख्यमंत्री ने निवेशकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखने और समय-समय पर निवेश सम्मेलन आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्थान निवेश प्रोत्साहन योजना, प्लग एंड प्ले सुविधाओं सहित अन्य निवेश संवर्धन योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का लाभ अधिकाधिक निवेशकों और उद्यमियों तक पहुंचना चाहिए। साथ ही औद्योगिक इकाइयों की स्थापना में आने वाली समस्याओं का समयबद्ध समाधान किया जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान पेट्रोकेमिकल जोन का विकास प्रदेश में नए उद्योगों की स्थापना, स्थानीय उत्पादन को बढ़ावा देने, निवेश विस्तार और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। इसके लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूरा करें।
बैठक में मुख्यमंत्री कार्यालय के अतिरिक्त मुख्य सचिव अखिल अरोड़ा सहित निवेश संवर्धन ब्यूरो, राजस्थान औद्योगिक विकास एवं निवेश निगम (रीको), उद्योग विभाग और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, एचपीसीएल राजस्थान रिफाइनरी लिमिटेड के अधिकारियों ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में भाग लिया।
