Headlines

नगर निगम जयपुर के वार्ड 62 के भाग संख्या 23 में 13 सितंबर को होगा पुनर्मतदान

👁 4 Views

12 सितंबर

राज्य निर्वाचन आयोग, राजस्थान ने नगर निगम जयपुर के वार्ड संख्या 62 के भाग संख्या 23 के मतदान केंद्र राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय, कमरा नंबर 4, टीला वाला, सांगानेर पर 13 सितंबर को पुनर्मतदान कराने के निर्देश दिए हैं।

आयोग के अनुसार, इस मतदान केंद्र पर 11 सितंबर 2026 को हुए मतदान के दौरान मतदाता सूची की विलोपन सूची में शामिल 110 मतदाताओं द्वारा मतदान किए जाने का मामला सामने आया था। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं रिटर्निंग अधिकारी से प्राप्त रिपोर्ट पर विचार के बाद आयोग ने माना कि इस घटना से चुनाव की निष्पक्षता प्रभावित हुई है।

इसी के मद्देनजर राजस्थान नगरपालिका (निर्वाचन) नियम, 1994 के नियम 55 के तहत 13 सितंबर 2026 को सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक पुनर्मतदान (Fresh Poll) कराने का निर्णय लिया गया है।

आयोग ने संबंधित अधिकारियों को पुनर्मतदान की तिथि, समय एवं स्थान की जानकारी चुनाव लड़ रहे अभ्यर्थियों और उनके निर्वाचन अभिकर्ताओं को लिखित रूप से उपलब्ध कराने तथा संबंधित क्षेत्र में इसका व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर लगेगी अमिट स्याही

पुनर्मतदान में केवल अधिकृत मतदाता ही मतदान कर सकेंगे। मतदाताओं की पहचान के लिए इस बार बाएं हाथ की मध्यमा अंगुली पर अमिट स्याही का निशान लगाया जाएगा। यह निशान नाखून के प्रारंभ से अंगुली के प्रथम भाग तक लगाया जाएगा।

आयोग ने स्पष्ट किया है कि आवश्यकता होने पर ईवीएम में उपयोग के लिए मतपत्र एवं निविदत्त मतपत्र नए सिरे से मुद्रित कराए जा सकते हैं।

वहीं, 11 सितंबर को हुए मूल मतदान में इस्तेमाल की गई ईवीएम को सील कर सुरक्षित अभिरक्षा में रखा जाएगा।

👁 4 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *