पंचायतीराज आम चुनाव के चौथे चरण के तहत जयपुर जिले की चार पंचायत समितियों में पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए चुनावी तस्वीर साफ हो गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा और नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब कुल 241 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में रह गए हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) संदेश नायक ने बताया कि आंधी, बस्सी, जमवारामगढ़ एवं तूंगा पंचायत समितियों के कुल 82 निर्वाचन क्षेत्रों के लिए 355 नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे। इनमें कुल 328 अभ्यर्थी शामिल थे।
नामांकन पत्रों की संवीक्षा के दौरान 72 नामांकन पत्र निरस्त किए गए, जबकि 4 नामांकन पत्र डिस्कार्ड किए गए। इसके बाद 279 वैध अभ्यर्थियों में से 38 ने अपने नाम वापस ले लिए। इस तरह नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद 241 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में रह गए हैं।
उन्होंने बताया कि पंचायत समिति वार चुनाव लड़ने वाले अभ्यर्थियों की स्थिति इस प्रकार है:
- आंधी: 19 निर्वाचन क्षेत्रों में 50 अभ्यर्थी।
- बस्सी: 25 निर्वाचन क्षेत्रों में 79 अभ्यर्थी।
- जमवारामगढ़: 23 निर्वाचन क्षेत्रों में 64 अभ्यर्थी।
- तूंगा: 15 निर्वाचन क्षेत्रों में 48 अभ्यर्थी।
