दिसंबर में जयपुर में लगेगा राष्ट्रीय सरस मेला

👁 2 Views

आगामी दिसंबर माह में जयपुर में राजीविका के राष्ट्रीय सरस मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले के माध्यम से देशभर के स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को अपने उत्पादों के प्रदर्शन एवं बिक्री के लिए राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मेले में प्रदेश की समृद्ध कला एवं संस्कृति से जुड़े स्थानीय उत्पादों को शामिल करने और राजस्थान की राजीविका महिलाओं की अधिकाधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने इसके लिए बैठकें आयोजित कर महिलाओं को प्रोत्साहित करने पर जोर दिया।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में राजीविका एवं डेयरी विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान कहा कि ये दोनों क्षेत्र ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक समृद्धि और स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन के महत्वपूर्ण माध्यम हैं। ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए उत्पाद निर्माण के साथ-साथ मार्केटिंग, ब्रांडिंग और बिक्री के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना भी जरूरी है।

राजीविका उत्पादों के लिए विकसित होगा ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार ने 25 लाख लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया है, जिसके तहत अब तक 20 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं को आजीविका के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के साथ उनके उत्पादों की बिक्री के लिए व्यापक बाजार भी उपलब्ध कराया जाना चाहिए।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को देशभर में बाजार उपलब्ध कराने के उद्देश्य से ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म विकसित कर रही है। इससे उत्पादों की पहुंच बढ़ेगी और महिलाओं की आय के नए अवसर सृजित होंगे।

संभाग स्तर पर सरस सखियों को मिलेगा प्रशिक्षण

मुख्यमंत्री ने सरस सखी योजना को ग्रामीण महिलाओं की आत्मनिर्भरता और आर्थिक समृद्धि की दिशा में अभिनव पहल बताया। उन्होंने राजीविका एवं डेयरी विभाग को संयुक्त कार्ययोजना प्रभावी रूप से लागू करने और उत्पादों को एकीकृत विपणन नेटवर्क से जोड़ने के निर्देश दिए।

साथ ही सरस सखियों को संभाग स्तर पर प्रशिक्षण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया, ताकि वे अपने कार्यों को बेहतर ढंग से संचालित कर सकें और ग्रामीण महिलाओं की आर्थिक स्थिति मजबूत बनाने में योगदान दे सकें।

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 2 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *