मोदी ने थाईलैंड के प्रधानमंत्री से की मुलाकात

👁 1 Views

मनीला। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 17 नवंबर 2026 को मनीला में आयोजित 23वें भारत-आसियान शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के अवसर पर थाईलैंड के प्रधानमंत्री श्री अनुतिन चार्नविराकुल से मुलाकात की।

बैठक के दौरान दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय संबंधों में हुई प्रगति की समीक्षा की। उल्लेखनीय है कि अप्रैल 2025 में प्रधानमंत्री मोदी की थाईलैंड यात्रा के दौरान दोनों देशों के संबंधों को रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया गया था।

दोनों नेताओं ने व्यापार एवं निवेश, रक्षा एवं सुरक्षा, कनेक्टिविटी, डिजिटल प्रौद्योगिकी, फिनटेक, संस्कृति, पर्यटन और जनसंपर्क सहित विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने के उपायों पर चर्चा की।

उन्होंने बिम्सटेक, हिंद महासागर रिम एसोसिएशन (आईओआरए), मेकांग-गंगा सहयोग और आसियान के नेतृत्व वाले क्षेत्रीय मंचों पर आपसी सहयोग बढ़ाने के महत्व पर भी जोर दिया। इसके साथ ही दोनों नेताओं ने क्षेत्रीय एवं वैश्विक मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया और भारत-थाईलैंड साझेदारी को और मजबूत करने की प्रतिबद्धता दोहराई।

भारत और थाईलैंड के संबंध साझा सभ्यतागत एवं सांस्कृतिक विरासत, जनसंपर्क और आपसी विश्वास पर आधारित हैं। थाईलैंड भारत की एक्ट ईस्ट नीति और आसियान के साथ व्यापक रणनीतिक साझेदारी में एक महत्वपूर्ण भागीदार है।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *