मनीला। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने आज मनीला में आयोजित 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन (ईएएस) को संबोधित किया। उन्होंने वैश्विक संकटों और संघर्षों के बीच शांति स्थापित करने के लिए संवाद, आपसी सम्मान और सहयोग को आवश्यक बताया।
प्रधानमंत्री ने स्वतंत्र, मुक्त, समावेशी और नियम-आधारित हिंद-प्रशांत क्षेत्र का आह्वान करते हुए कहा कि ईएएस को वैश्विक शांति, स्थिरता और पूर्वानुमेयता सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि मौजूदा संकटों और संघर्षों का असर दुनियाभर में खाद्य, ईंधन और उर्वरक की आपूर्ति पर पड़ रहा है। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय जलमार्गों में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों को रोकने और नाविकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। प्रधानमंत्री ने यूक्रेन और पश्चिम एशिया के संघर्षों के शांतिपूर्ण समाधान के प्रयासों को भारत का समर्थन दोहराया।
प्रधानमंत्री ने शांतिप्रिय समाजों के लिए आतंकवाद से उत्पन्न खतरों को भी रेखांकित किया।
ईएएस के तहत प्रधानमंत्री ने रखे चार प्रस्ताव
प्रधानमंत्री ने पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन के मंच पर सहयोग को मजबूत बनाने के लिए चार प्रमुख प्रस्ताव रखे:
- नाविक सुरक्षा पहल: संयुक्त प्रशिक्षण और आपातकालीन प्रतिक्रिया के क्षेत्र में सहयोग को बढ़ावा देना।
- ईएएस साइबर अपराध सम्मेलन: ऑनलाइन धोखाधड़ी और सीमा पार साइबर अपराधों से निपटने के लिए राष्ट्रीय न्यायिक विज्ञान विश्वविद्यालय में सम्मेलन आयोजित करना।
- ईएएस समुद्री विरासत महोत्सव: गुजरात के लोथल में समुद्री विरासत महोत्सव का आयोजन करना।
- ईएएस विश्वविद्यालय सम्मेलन: शैक्षणिक सहयोग को बढ़ावा देने के लिए नालंदा में विश्वविद्यालय सम्मेलन आयोजित करना।
प्रधानमंत्री ने शिखर सम्मेलन का सफल आयोजन करने के लिए फिलीपींस के राष्ट्रपति महामहिम फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर को बधाई दी।
प्रधानमंत्री के संबोधन का पूरा पाठ आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है।
