ऑक्टेव-2026 का गुरुवार को शुभारंभ

👁 0 Views

भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के अंतर्गत पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र, उदयपुर द्वारा राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) के सहयोग से आयोजित ‘ऑक्टेव-2026’ का शुभारंभ गुरुवार शाम 7 बजे होगा। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किशनराव बागडे होंगे, जबकि समारोह की अध्यक्षता केंद्रीय पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत करेंगे। इस अवसर पर पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक डॉ. अश्विन महेश दलवी और आरआईसी के निदेशक निहाल चंद गोयल भी मौजूद रहेंगे।

पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र के निदेशक डॉ. दलवी ने बताया कि राजस्थान, खासकर जयपुर में पूर्वोत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति को जीवंत करने वाले ‘ऑक्टेव-2026’ के पहले दिन उद्घाटन समारोह के बाद दो विशेष प्रस्तुतियां होंगी।

पहली प्रस्तुति पूर्वोत्तर भारत के पारंपरिक परिधानों पर आधारित ‘एथनिक कॉस्ट्यूम शो’ होगी, जिसका निर्देशन भानुश्री दास करेंगी। उन्होंने बताया कि किसी भी देश या प्रदेश की संस्कृति में परिधानों का महत्वपूर्ण स्थान होता है। इस शो में पूर्वोत्तर के आठों राज्यों के पारंपरिक परिधानों को प्रदर्शित किया जाएगा। खूबसूरत एथनिक कॉस्ट्यूम में युवतियों के मंच पर आने के साथ दर्शकों को पूर्वोत्तर की विविध सांस्कृतिक परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।

इन परिधानों की खासियत यह है कि इन्हें मशीन या फैक्ट्री में तैयार करने के बजाय पारंपरिक तरीके से हाथों से तैयार किया गया है। यह प्रस्तुति दर्शकों को पूर्वोत्तर की संस्कृति और हस्तशिल्प को करीब से जानने का अवसर प्रदान करेगी।

समारोह की दूसरी प्रस्तुति पूर्वोत्तर भारत के आठ राज्यों के 15 अलग-अलग एवं संयुक्त नृत्य रूपों पर आधारित होगी। इस नृत्य प्रस्तुति में अध्यात्म, रोमांच, रास और परंपरा सहित पूर्वोत्तर की विविध सांस्कृतिक अभिव्यक्तियों को प्रस्तुत किया जाएगा।

इस विशेष प्रस्तुति के दौरान दर्शकों को अलग-अलग भावों और रंगों का अनुभव होगा। कहीं नृत्य में भक्ति का भाव नजर आएगा तो कहीं रोमांच और उत्साह का संचार होगा। कार्यक्रम के ग्रैंड फिनाले में सभी नृत्य समूहों की संयुक्त प्रस्तुति होगी, जिसमें संगीत और नृत्य के माध्यम से पूर्वोत्तर भारत की सांस्कृतिक विविधता को भव्य रूप में प्रस्तुत किया जाएगा।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *