Headlines

पेंशन अदालत में 9 प्रकरण प्राप्त, 26 कार्मिकों को अग्रिम रूप से मिले पीपीओ

👁 1 Views

जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग में सेवानिवृत्त कार्मिकों, पेंशनर्स एवं पारिवारिक पेंशनर्स की समस्याओं के त्वरित समाधान तथा लंबित पेंशन प्रकरणों के समयबद्ध निस्तारण के लिए बुधवार को जल भवन सभागार में पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेशभर के विभागीय क्षेत्रीय कार्यालय वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े तथा पेंशनर्स के प्रकरणों एवं परिवेदनाओं पर आवश्यक कार्रवाई की गई।

पेंशन अदालत में प्रमुख शासन सचिव, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, श्री हेमन्त कुमार गेरा ने अधिकारियों को पेंशनर्स से संबंधित मामलों का संवेदनशीलता एवं प्राथमिकता के साथ निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने लंबित पेंशन प्रकरणों, पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) जारी करने तथा सेवानिवृत्ति परिलाभों के भुगतान से संबंधित मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई करने पर जोर दिया।

सेवानिवृत्ति के समय ही मिले पेंशन संबंधी लाभ

विभाग की ओर से सेवानिवृत्त होने वाले कार्मिकों को सेवानिवृत्ति के समय ही पेंशन संबंधी लाभ एवं आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए विशेष प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में सितंबर माह में सेवानिवृत्त होने वाले 26 कार्मिकों को अग्रिम रूप से पेंशन भुगतान आदेश (पीपीओ) वितरित किए गए।

विगत तीन माह में विभाग के कुल 378 पेंशन प्रकरणों में से 312 प्रकरणों में पीपीओ जारी किए जा चुके हैं। शेष 66 प्रकरणों में से 20 प्रकरणों में भी पीपीओ जारी कर दिए गए हैं, जबकि शेष प्रकरण प्रक्रियाधीन हैं।

पेंशन अदालत में 9 प्रकरण प्राप्त

पेंशन अदालत में कुल 9 पेंशन प्रकरण प्राप्त हुए, जिन पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पेंशन विभाग से आपत्तियों सहित वापस प्राप्त प्रकरणों का भी शीघ्र निस्तारण करने तथा संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों की पालना से मुख्यालय को अवगत कराने के निर्देश दिए गए।

पेंशनर्स की सुविधा के लिए जल भवन में हेल्प डेस्क एवं समुचित बैठक व्यवस्था की गई। साथ ही, दूर-दराज क्षेत्रों के पेंशनर्स की समस्याओं के समाधान के लिए क्षेत्रीय कार्यालयों को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जोड़ा गया। अधिकारियों को संबंधित कोषाधिकारियों एवं पेंशन विभाग के अधिकारियों से समन्वय रखते हुए प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

इस अवसर पर मुख्य अभियंता एवं अतिरिक्त सचिव श्री संदीप शर्मा, संयुक्त शासन सचिव (प्रथम) श्री सक्षम गोयल, अतिरिक्त मुख्य अभियंता (प्रशासन) श्री मुकेश बंसल सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *