15 सितम्बर
राजस्थान सरकार द्वारा प्रवासी राजस्थानियों से जुड़ाव को सशक्त बनाने तथा राज्य में निवेश एवं साझेदारी के नए अवसरों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से भुवनेश्वर के होटल मेफेयर कन्वेंशन में आयोजित ‘प्रवासी राजस्थानी मीट’ सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई। कार्यक्रम में प्रवासी राजस्थानी समुदाय, उद्योग जगत, व्यापारिक संगठनों तथा विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े 300 से अधिक प्रतिनिधियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह आयोजन राजस्थान सरकार के उन व्यापक प्रयासों का हिस्सा है, जिसके माध्यम से देश एवं विदेश में निवास कर रहे प्रवासी राजस्थानियों को राज्य की विकास यात्रा से जोड़ा जा रहा है।
राजस्थान सरकार के प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व अतिरिक्त मुख्य सचिव, उद्योग एवं वाणिज्य तथा DOIT&C, श्री शिखर अग्रवाल ने किया। प्रतिनिधिमंडल में विशेष सचिव, DOIT&C एवं आयुक्त, राजस्थान फाउंडेशन डॉ. मनीषा अरोड़ा सहित बीआईपी राजस्थान, रीको तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी शामिल रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। स्वागत उद्बोधन एसएनएम ग्रुप के चेयरमैन एवं पूर्व अध्यक्ष, सीआईआई ओडिशा, डॉ. प्रदीप्ता मोहंती ने दिया। इसके पश्चात राजस्थान फाउंडेशन भुवनेश्वर चैप्टर के अध्यक्ष श्री अजय अग्रवाल ने प्रवासी समुदाय को संबोधित किया। कार्यक्रम के दौरान राजस्थान सरकार की विभिन्न औद्योगिक नीतियों, निवेश के अवसरों एवं उद्योग-अनुकूल सुधारों पर विस्तृत प्रस्तुतीकरण भी दिया गया।
अपने संबोधन में श्री शिखर अग्रवाल ने कहा कि राजस्थान आज देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में से एक के रूप में उभर रहा है। राज्य सरकार उद्योगों को पारदर्शी, उत्तरदायी एवं निवेशक-अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों से राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने और राजस्थान में उपलब्ध निवेश एवं व्यवसायिक अवसरों का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने प्रवासी राजस्थानियों को 10 दिसंबर 2026 को आयोजित होने वाले ‘प्रवासी राजस्थानी दिवस’ में शामिल होने का निमंत्रण भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान वेदांता एल्युमिनियम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री सी. चंद्रु तथा प्रमुख प्रवासी उद्योगपति श्री सुभाष चंद भूरा ने अपने अनुभव साझा किए। विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रवासी राजस्थानियों को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में ओडिशा से राज्यसभा सांसद श्री सुजीत कुमार ने सहभागिता की। उन्होंने राजस्थान एवं ओडिशा के बीच औद्योगिक सहयोग तथा आर्थिक साझेदारी की संभावनाओं पर प्रकाश डाला।
‘प्रवासी राजस्थानी मीट’ के पश्चात अतिरिक्त मुख्य सचिव श्री शिखर अग्रवाल ने विभिन्न क्षेत्रों के उद्योग प्रतिनिधियों के साथ वन-टू-वन बैठकें कीं। इन चर्चाओं में होटल एवं रिसॉर्ट्स, आईटी एवं लॉजिस्टिक्स, खाद्य प्रसंस्करण, धातु एवं खनन सहित विभिन्न क्षेत्रों के उद्योग प्रतिनिधियों ने राजस्थान में निवेश, विस्तार एवं व्यावसायिक सहयोग की संभावनाओं पर विचार-विमर्श किया।
