सवाई माधोपुर में शांतिपूर्ण चुनाव पर निर्वाचन आयुक्त ने की सराहना

👁 2 Views

राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने पंचायतीराज संस्थाओं के आम चुनाव-2026 के संबंध में सोमवार को सवाई माधोपुर जिला मुख्यालय पर जिला निर्वाचन अधिकारी श्री काना राम, पुलिस अधीक्षक श्रीमती ज्येष्ठा मैत्रेयी सहित अन्य अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

उन्होंने जिले में व्यवस्थित, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण चुनाव प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन की ओर से किए गए प्रयासों की सराहना की। साथ ही, सभी अधिकारियों, मतदान दलों के कार्मिकों और निर्वाचन प्रक्रिया से जुड़े अन्य लोगों को बधाई दी।

जिला निर्वाचन अधिकारी श्री काना राम ने प्रस्तुतिकरण के माध्यम से जिले की आठ पंचायत समिति क्षेत्रों में दो चरणों में संचालित मतदान प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार सुगम, व्यवस्थित, निष्पक्ष और सुरक्षित मतदान के लिए पर्याप्त व्यवस्थाएं की गई हैं।

मतदान से पहले आमजन को निर्वाचन प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रोत्साहित किया गया। इसके सकारात्मक परिणामस्वरूप सवाई माधोपुर में जिला परिषद एवं पंचायत समिति चुनावों में पिछली बार की तुलना में अधिक मतदान दर्ज किया गया है।

राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने जिला प्रशासन की ओर से किए गए विशेष प्रयासों और नवाचारों की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि मतदान कार्मिकों के प्रशिक्षण के दौरान उनकी परीक्षा लेने का नवाचार बेहद सराहनीय है। इसी प्रकार जोनल मजिस्ट्रेट और पुलिस सुरक्षा दलों को एक टीम के रूप में नियोजित करने का निर्णय भी निष्पक्ष एवं सुरक्षित मतदान सुनिश्चित करने की दिशा में प्रभावी कदम है।

उन्होंने इन नवाचारों को राज्य निर्वाचन आयोग के स्तर पर सूचीबद्ध कर उनका विवरण अन्य जिलों के साथ साझा करने की बात कही।

निर्वाचन आयुक्त ने पंचायतीराज संस्थाओं के चुनावों में आमजन की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से आयोग की ओर से निर्धारित प्रत्याशी प्रबोधन कार्यशालाओं के आयोजन की भी जानकारी ली। उन्होंने जिले में मतदाता जागरूकता के लिए संचालित गतिविधियों और आदर्श मतदान केंद्रों पर मतदाताओं के लिए उपलब्ध विशेष सुविधाओं के संबंध में चर्चा की तथा प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।

कलक्ट्रेट कार्यालय में आयोजित समीक्षा बैठक में राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षक श्री ब्रजेश कुमार चांदोलिया, मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्री मोहित कासनिया, उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संजय शर्मा सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

सुनियोजित और त्रुटिरहित रही सवाई माधोपुर की निर्वाचन प्रक्रिया : राजेश्वर सिंह

राज्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजेश्वर सिंह ने सवाई माधोपुर में पंचायतीराज संस्थाओं की चुनाव प्रक्रिया को बेहद सुनियोजित और व्यवस्थित बताया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन के प्रयासों से संपूर्ण निर्वाचन प्रक्रिया का शांतिपूर्ण एवं त्रुटिरहित संचालन हुआ है।

जिला प्रशासन के साथ बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि जिले के कुछ निर्वाचन क्षेत्रों में अप्रत्याशित रूप से बड़ी संख्या में नामांकन सहित कई जटिल परिस्थितियां सामने आईं, लेकिन इसके बावजूद निर्वाचन प्रक्रिया का समयबद्ध और व्यवस्थित संचालन किया गया।

उन्होंने इसके लिए जिला कलक्टर और उनकी पूरी टीम की सराहना करते हुए कहा कि बेहतर प्रशिक्षण और प्रशासनिक सजगता के चलते चुनाव के दौरान जिले में कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न नहीं हुई।

👁 2 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *