गृह रक्षा विभाग, राजस्थान की राज्य स्तरीय कमांडेंट कॉन्फ्रेंस गुरुवार, 19 नवंबर को केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान (सीटीआई), फतेहपुरा बेगस, जयपुर में आयोजित हुई। महानिदेशक एवं महासमादेष्टा गृह रक्षा श्री अनिल पालीवाल (आईपीएस) की अध्यक्षता में आयोजित इस कॉन्फ्रेंस में विभाग के प्रशासनिक, वित्तीय और कार्यप्रणाली से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की समीक्षा की गई। बैठक में स्वयंसेवकों के नियोजन के अवसर बढ़ाने, पारदर्शी ड्यूटी रोटेशन और जिला इकाइयों में अनुशासन मजबूत करने पर विशेष जोर दिया गया।
जिला समादेष्टाओं से सीधा संवाद, समस्याओं के समाधान के दिए निर्देश
कॉन्फ्रेंस के दौरान महानिदेशक एवं महासमादेष्टा श्री पालीवाल ने प्रदेश के विभिन्न जिला प्रशिक्षण केंद्रों से आए समादेष्टाओं के साथ व्यक्तिगत संवाद किया। उन्होंने क्षेत्रीय स्तर पर कार्य संचालन में आ रही समस्याओं और चुनौतियों की जानकारी ली तथा समादेष्टाओं से सुझाव प्राप्त किए। साथ ही, समस्याओं के त्वरित और व्यावहारिक समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देश दिए।
स्वयंसेवकों के नियोजन और पारदर्शी ड्यूटी रोटेशन पर जोर
बैठक में सरकारी विभागों, सार्वजनिक उपक्रमों (पीएसयू), निजी कंपनियों और प्रतिष्ठानों में गृह रक्षा स्वयंसेवकों के नियोजन के अवसर बढ़ाने पर विस्तार से चर्चा की गई। इसके लिए ऑनलाइन नियोजन सॉफ्टवेयर एचडीएमएस का प्रभावी उपयोग करने और ड्यूटी रोटेशन प्रणाली में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, जिला इकाइयों में अनुशासन मजबूत करने, ड्यूटी रोटेशन संबंधी आदेशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने तथा विभागीय जांचों का निष्पक्ष और त्वरित निस्तारण करने पर भी बल दिया गया।
बजट, न्यायालय प्रकरणों और स्थापना दिवस की तैयारियों की समीक्षा
कॉन्फ्रेंस में आवंटित बजट का पूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने, लंबित न्यायालय प्रकरणों और ऑडिट आक्षेपों का निस्तारण करने तथा भंडार एवं हथियारों के उचित रखरखाव की समीक्षा की गई। इसके साथ ही 6 दिसंबर, 2026 को आयोजित होने वाले गृह रक्षा स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
मुख्यालय के निर्देशों की पालना और नियमित संवाद के निर्देश
महानिरीक्षक पुलिस गृह रक्षा श्री राजेश मीना (आईपीएस) ने अधिकारियों को मुख्यालय से जारी परिपत्रों, स्थायी आदेशों और अन्य निर्देशों का गहन अध्ययन करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधीनस्थ कार्मिकों एवं स्वयंसेवकों की समस्याओं के समाधान के लिए नियमित संवाद बनाए रखने तथा स्वयंसेवकों के नियोजन में वृद्धि के लिए व्यक्तिगत स्तर पर प्रयास करने को कहा।
कॉन्फ्रेंस के समापन सत्र में महानिदेशक एवं महासमादेष्टा श्री अनिल पालीवाल ने स्वयंसेवकों के अधिकाधिक नियोजन के प्रयासों को प्रभावी बनाने और बेहतर पर्यवेक्षण मॉडल विकसित करने के लिए सभी समादेष्टाओं से सुझाव मांगे। उन्होंने नियोजन स्थलों पर महिला स्वयंसेवकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
राज्य स्तरीय कॉन्फ्रेंस में विभाग के उप महासमादेष्टा प्रथम एवं द्वितीय, निदेशक केंद्रीय प्रशिक्षण संस्थान, वित्तीय सलाहकार, वरिष्ठ स्टाफ अधिकारी प्रथम एवं द्वितीय सहित प्रदेश के सभी सीमा गृह रक्षा दलों और गृह रक्षा प्रशिक्षण केंद्रों के समादेष्टा एवं उप समादेष्टाओं ने भाग लिया।
