केरलम विधानसभा समिति ने राजस्थान विधानसभा का किया दौरा

👁 0 Views

राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी से शुक्रवार को विधानसभा में केरलम विधानसभा की युवा एवं युवा कल्याण समिति के सदस्यों ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर श्री देवनानी ने समिति के सदस्यों का अभिनंदन करते हुए उन्हें राजस्थान विधानसभा का लोगो भेंट किया।

केरलम विधानसभा की युवा एवं युवा कल्याण समिति के सभापति श्री सनीश कुमार जोसफ ने विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी को केरलम विधानसभा की नियमावली भेंट की। इसके प्रत्युत्तर में श्री देवनानी ने श्री जोसफ को राजस्थान विधानसभा का साहित्य भेंट किया।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष श्री देवनानी ने संसदीय परंपराओं, लोकतांत्रिक मूल्यों तथा विधायी संस्थाओं की भूमिका से जुड़े विभिन्न विषयों पर समिति के सदस्यों के साथ विचार-विमर्श किया।

समिति के सदस्यों ने राजस्थान विधानसभा के सदन, भवन एवं संग्रहालय का अवलोकन किया। उन्होंने विधानसभा की कार्यप्रणाली, सदन की गरिमा, स्थापत्य कला और संसदीय परंपराओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। साथ ही राजस्थान के राजनीतिक इतिहास, लोकतांत्रिक विकास, ऐतिहासिक घटनाओं तथा प्रदेश की संसदीय यात्रा से संबंधित प्रदर्शित सामग्री का अवलोकन किया।

समिति के सदस्यों ने राजस्थान विधानसभा की समृद्ध संसदीय परंपराओं और ऐतिहासिक धरोहर की सराहना की। उन्होंने विधानसभा संग्रहालय को ज्ञानवर्धक एवं प्रेरणादायी बताया।

इस अवसर पर केरलम विधानसभा की युवा एवं युवा कल्याण समिति के सदस्य श्री संदीप वारियर, श्री टी.पी. अशरफ अली एवं श्री वी.एस. जॉय उपस्थित रहे।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *