राजस्थान में मतदाता सूची जारी, 5.26 करोड़ मतदाता

👁 1 Views

भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार राजस्थान में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (Special Summary Revision–SSR) 2027 के तहत मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण की प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार शुरू कर दी गई है। इस पुनरीक्षण के लिए अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 निर्धारित की गई है। कार्यक्रम के तहत 12 नवंबर 2026 को मतदाता सूची का प्रारूप प्रकाशन किया गया है। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे-आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा। पुनरीक्षण प्रक्रिया पूरी होने के बाद 4 जनवरी 2027 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन प्रस्तावित है।

मुख्य निर्वाचन अधिकारी श्री नवीन महाजन ने बताया कि 12 नवंबर 2026 को प्रकाशित प्रारूप मतदाता सूची के अनुसार राजस्थान में कुल 5,26,67,416 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 2,75,24,780 पुरुष, 2,51,42,052 महिला एवं 584 ट्रांसजेंडर मतदाता शामिल हैं।

श्री महाजन ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण एवं अद्यतन निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने का महत्वपूर्ण आधार है। इस उद्देश्य से सभी पात्र नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने तथा नाम शामिल नहीं होने की स्थिति में निर्धारित प्रपत्र के माध्यम से आवेदन करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि 1 जनवरी 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा मतदाता सूची में अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अतिरिक्त 1 अक्टूबर 2027 तक 18 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाले युवा भी अग्रिम आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।

राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई गई प्रारूप मतदाता सूची

प्रारूप मतदाता सूची के प्रकाशन के बाद राज्य के सभी विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों द्वारा बैठक आयोजित की गई। इस दौरान उन्हें प्रारूप मतदाता सूची-2027 की एक सॉफ्ट कॉपी (फोटोरहित) एवं एक हार्ड कॉपी निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।

ये मतदाता सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी (DEO) एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की वेबसाइट https://election.rajasthan.gov.in पर भी उपलब्ध हैं। कोई भी मतदाता ऑनलाइन अपना नाम खोज सकता है। इसके अतिरिक्त सभी बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) के पास बूथवार प्रारूप मतदाता सूची की हार्ड कॉपी उपलब्ध रहेगी। मतदाता अपने क्षेत्र के BLO से संपर्क कर सूची में अपना नाम होने की जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

11 दिसंबर तक दर्ज कराएं दावे एवं आपत्तियां

निर्वाचन आयोग द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। इस अवधि में प्राप्त आवेदनों का निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) द्वारा 28 दिसंबर 2026 तक निस्तारण किया जाएगा।

दावे एवं आपत्ति अवधि में प्राप्त आवेदनों की सूची साप्ताहिक रूप से तैयार कर संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय के बाहर चस्पा की जाएगी। ये सूचियां जिला निर्वाचन अधिकारी एवं मुख्य निर्वाचन अधिकारी की वेबसाइट पर भी उपलब्ध रहेंगी। इसके साथ ही प्रत्येक सप्ताह मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ ERO बैठक आयोजित कर उन्हें इन सूचियों की जानकारी उपलब्ध कराएंगे।

फॉर्म-6, 7 और 8 से करवा सकते हैं संशोधन

मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने, नाम हटवाने एवं प्रविष्टियों में संशोधन की प्रक्रिया निरंतर जारी रहती है। इसके लिए क्रमशः फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 भरे जा सकते हैं। नागरिक इन फॉर्म को ECINet ऐप अथवा वोटर्स सर्विस पोर्टल https://voters.eci.gov.in के माध्यम से ऑनलाइन भर सकते हैं। इसके अलावा संबंधित BLO से संपर्क कर भी आवेदन किया जा सकता है।

निर्वाचन अधिकारी के निर्णय के विरुद्ध कर सकेंगे अपील

मतदाता सूची में किसी प्रविष्टि के संबंध में निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के निर्णय से असंतुष्ट होने पर लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 तथा निर्वाचक पंजीकरण नियम, 1960 के नियम 23 एवं 27 के तहत अपील की जा सकती है।

इसके तहत प्रथम अपील जिला मजिस्ट्रेट के समक्ष 15 दिवस के भीतर प्रस्तुत की जा सकती है। वहीं, जिला मजिस्ट्रेट के निर्णय से संतुष्ट नहीं होने की स्थिति में उनके निर्णय के 15 दिवस के भीतर द्वितीय अपील मुख्य निर्वाचन अधिकारी, राजस्थान के समक्ष की जा सकती है।

मतदाता सूची पुनरीक्षण की महत्वपूर्ण तिथियां:

  • प्रारूप मतदाता सूची का प्रकाशन: 12 नवंबर 2026
  • दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि: 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026
  • दावे एवं आपत्तियों का निस्तारण: 28 दिसंबर 2026 तक
  • अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन: 4 जनवरी 2027
👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *