जयपुर एयरपोर्ट के नए स्टेट टर्मिनल का भूमि पूजन

👁 1 Views

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राजस्थान में आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्धता के साथ कार्य किया जा रहा है। केंद्र एवं राज्य सरकार के बीच बेहतर समन्वय से परिवहन क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिली है। प्रदेश में हवाई, रेल एवं सड़क कनेक्टिविटी के तेजी से विस्तार से आमजन को बेहतर आवागमन सुविधाएं मिल रही हैं।

मुख्यमंत्री गुरुवार को जयपुर एयरपोर्ट पर नवीन स्टेट टर्मिनल भवन के भूमि पूजन समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रदेश के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में परिवहन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इसी को ध्यान में रखते हुए डबल इंजन सरकार राजस्थान में परिवहन सुविधाओं को आधुनिक बनाने और आवागमन को अधिक सुगम बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। नवीन स्टेट टर्मिनल भवन का भूमि पूजन प्रदेश में हवाई सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है।

आधुनिक सुविधाओं के साथ दिखेगी राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत की झलक

मुख्यमंत्री ने बताया कि नवीन स्टेट टर्मिनल भवन परियोजना के लिए 52 करोड़ 35 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। परियोजना के प्रथम चरण में 19 करोड़ 62 लाख रुपये की लागत से स्टेट टर्मिनल भवन का निर्माण किया जा रहा है।

इस भवन में कार्यालयों के साथ दो वीआईपी लाउंज, कॉन्फ्रेंस हॉल, मीटिंग हॉल, 10 विश्राम कक्ष, प्रशिक्षण कक्ष, कैफे एवं सुरक्षा जांच क्षेत्र जैसी आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएंगी। भवन की वास्तुकला में आधुनिकता के साथ राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलेगी।

परियोजना के दूसरे चरण में विमानों एवं हेलीकॉप्टरों की पार्किंग के लिए हैंगर तथा टारमैक का निर्माण किया जाएगा। इन परियोजनाओं के लिए भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण (AAI) ने राज्य सरकार को 12,778 वर्गमीटर भूमि आवंटित की है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेशवासियों को बेहतर हवाई संपर्क उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोटा, किशनगढ़, बाड़मेर एवं बीकानेर में एयर कनेक्टिविटी के विस्तार पर कार्य किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने इसी वर्ष जोधपुर एयरपोर्ट के नवीन टर्मिनल भवन का उद्घाटन किया था। इससे एयरपोर्ट की वार्षिक यात्री क्षमता 12 लाख से बढ़कर 20 लाख हो गई है।

वहीं, जयपुर एवं कोटा एयरपोर्ट के टर्मिनल भी विकसित किए जा रहे हैं। किशनगढ़ एयरपोर्ट और भीलवाड़ा की हमीरगढ़ हवाई पट्टी पर फ्लाइंग ट्रेनिंग ऑर्गेनाइजेशन (FTO) का संचालन भी शुरू हो चुका है। झालावाड़, सीकर, झुंझुनूं एवं श्रीगंगानगर में एफटीओ की स्थापना के लिए भूमि आवंटित की जा रही है। इसके साथ ही उदयपुर एयरपोर्ट के विस्तार के लिए 145 एकड़ भूमि उपलब्ध करवाई जा रही है।

रेलवे विकास के लिए ₹10,228 करोड़ का बजट, 9 नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे बनेंगे

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार एवं रेलवे सुविधाओं के आधुनिकीकरण के लिए इस वर्ष 10,228 करोड़ रुपये का बजट आवंटित किया गया है। प्रदेश में 76,800 करोड़ रुपये से अधिक के रेलवे कार्य प्रगतिरत हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 85 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि नेशनल हाई-स्पीड कॉरिडोर एवं ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे परियोजनाओं से राजस्थान को व्यापक लाभ मिला है। प्रदेश में कुल 1,192 किलोमीटर लंबाई के एक्सप्रेस-वे का निर्माण हुआ है, जो देश के अन्य राज्यों की तुलना में सर्वाधिक है। देश के एक-चौथाई नेशनल एक्सप्रेस-वे राजस्थान से होकर गुजरते हैं।

मुख्यमंत्री ने बताया कि डबल इंजन सरकार प्रदेश में 9 नए ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस-वे का निर्माण भी कर रही है। कनेक्टिविटी के विस्तार का मुख्य उद्देश्य किसानों को अपनी उपज मंडियों तक आसानी से पहुंचाने, युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने तथा उद्योगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इससे प्रदेश में पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा और पर्यटकों का सफर अधिक सुविधाजनक बनेगा।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री ने विधिवत पूजा-अर्चना कर शिलान्यास पट्टिका का पूजन किया और उसे नींव में स्थापित किया। उन्होंने हवन में पूर्णाहुति भी दी। इसके बाद कार्यक्रम स्थल पर आयोजित प्रदर्शनी में नवीन स्टेट टर्मिनल भवन के प्रतीकात्मक मॉडल, संपूर्ण साइट प्लान तथा ग्राउंड फ्लोर एवं फर्स्ट फ्लोर के लेआउट प्लान का अवलोकन किया।

इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री डॉ. प्रेमचंद बैरवा, सांसद श्री मदन राठौड़ एवं श्रीमती मंजू शर्मा, विधायक डॉ. कैलाश वर्मा, श्री गोपाल शर्मा एवं श्री बालमुकुंदाचार्य, महापौर श्री सुनील कोठारी, उप महापौर श्रीमती सरोज कंवर, मुख्य सचिव श्री वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (सार्वजनिक निर्माण) श्री प्रवीण गुप्ता, प्रमुख शासन सचिव (नागरिक उड्डयन) श्री नवीन जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *