Headlines

RPSC SI-प्लाटून कमांडर पुनः परीक्षा संपन्न

👁 1 Views

राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा रविवार, 20 सितंबर 2026 को उप निरीक्षक (एसआई) एवं प्लाटून कमांडर प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 का सफल आयोजन किया गया। परीक्षा के लिए कुल 2,18,114 अभ्यर्थी पंजीकृत थे।

कंट्रोल रूम से हुई सीधी मॉनिटरिंग

परीक्षा की शुचिता सुनिश्चित करने के लिए आयोग प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। आयोग के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह एवं सचिव श्री आशुतोष गुप्ता ने आयोग मुख्यालय स्थित कंट्रोल रूम से पूरे समय परीक्षा की सीधी मॉनिटरिंग की। इस दौरान उन्होंने सभी संबंधित जिलों के प्रशासनिक अधिकारियों एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखा, ताकि परीक्षा के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

दो पारियों में हुई परीक्षा

आयोग द्वारा परीक्षा दो पारियों में आयोजित की गई। प्रथम पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई, जिसमें सामान्य हिंदी का प्रश्न-पत्र आयोजित किया गया। वहीं, दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक हुई, जिसमें सामान्य ज्ञान एवं सामान्य विज्ञान का प्रश्न-पत्र आयोजित किया गया।

प्रथम पारी में 69.58 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई, जबकि दूसरी पारी में 69.03 प्रतिशत अभ्यर्थी उपस्थित रहे।

11 जिलों में बनाए गए 666 परीक्षा केंद्र

परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए प्रदेश के 11 जिलों में कुल 666 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। इनमें जयपुर के अलावा अजमेर, अलवर, भरतपुर, बीकानेर, हनुमानगढ़, जोधपुर, कोटा, श्रीगंगानगर, टोंक एवं उदयपुर जिले शामिल थे। परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा एवं जांच के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।

आयोग अध्यक्ष ने जताया आभार

परीक्षा के सफल आयोजन के बाद आयोग अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल केसरी सिंह ने परीक्षा के समयबद्ध एवं सुचारू संचालन में सहयोग के लिए निर्वाचन आयुक्त का विशेष आभार व्यक्त किया। उन्होंने सभी 11 जिलों के जिला कलक्टरों तथा परीक्षा कार्य में तैनात पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों और कार्मिकों को भी उनके सहयोग के लिए धन्यवाद दिया।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *