राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) द्वारा आयोजित उप निरीक्षक/प्लाटून कमांडर संयुक्त प्रतियोगी पुनः परीक्षा-2021 (गृह विभाग) जयपुर जिले में रविवार को 187 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा दो पारियों में आयोजित की गई। प्रथम पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा द्वितीय पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक हुई।
जिला कलक्टर संदेश नायक ने इस दौरान विभिन्न परीक्षा केंद्रों का दौरा कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि आरपीएससी एसआई पुनः परीक्षा-2021 के लिए जयपुर जिले में कुल 68,662 अभ्यर्थी निर्धारित थे। प्रथम पारी में 45,930 अभ्यर्थी उपस्थित और 22,732 अनुपस्थित रहे। इस प्रकार प्रथम पारी में 66.89 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
द्वितीय पारी में 45,514 अभ्यर्थी उपस्थित तथा 23,148 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। इस पारी में 66.29 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
जिला कलक्टर ने बताया कि परीक्षा के सुचारू एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जयपुर में 187 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए थे। जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया। गोपनीय परीक्षा सामग्री को परीक्षा केंद्रों तक सुरक्षित पहुंचाने के लिए 62 उप समन्वयकों की नियुक्ति की गई। इसके अलावा 32 सतर्कता दलों का गठन किया गया, जिनमें प्रशासनिक, पुलिस एवं शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल रहे।
परीक्षा समन्वयक नरेंद्र कुमार वर्मा ने बताया कि जिला स्तर पर नियंत्रण कक्ष जिला कलेक्ट्रेट के कक्ष संख्या 116 में स्थापित किया गया था। परीक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए नियंत्रण कक्ष परीक्षा समाप्ति तक संचालित रहा।
