विश्व सिंधी सम्मेलन में बोले वासुदेव देवनानी

👁 2 Views

दीव। राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने शनिवार को दीव में आयोजित विश्व सिंधी सम्मेलन के उद्घाटन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लिया और सम्मेलन का उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने सिंधी समाज की गौरवशाली ऐतिहासिक परंपरा, सांस्कृतिक विरासत, उद्यमशीलता, सामाजिक एकजुटता और राष्ट्र निर्माण में योगदान को रेखांकित किया।

श्री देवनानी ने कहा कि सिंधी समाज ने विस्थापन और विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपने परिश्रम, उद्यमिता और दृढ़ संकल्प के बल पर सामाजिक एवं आर्थिक क्षेत्र में विशिष्ट पहचान बनाई है।

प्रशासन, शिक्षा और राजनीति में बढ़े सिंधी समाज की भागीदारी

श्री देवनानी ने कहा कि भारत में सिंधी समाज की आबादी एक करोड़ से अधिक है। व्यापार, उद्योग, आर्थिक विकास और सामाजिक प्रगति में समाज की महत्वपूर्ण भागीदारी रही है। उन्होंने कहा कि राष्ट्र निर्माण में इस सामर्थ्य का व्यापक उपयोग होना चाहिए। इसके लिए प्रशासन, शिक्षा, राजनीति, शासन व्यवस्था, नीति निर्धारण और सार्वजनिक जीवन में सिंधी समाज की भागीदारी को और मजबूत करना आवश्यक है। उन्होंने युवाओं को प्रशासनिक सेवाओं और राष्ट्रीय दायित्वों में आगे आने के लिए प्रेरित किया।

नई पीढ़ी अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़े

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि सिंधी समाज ने भाषा, साहित्य, संस्कृति और सामाजिक सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया है। नई पीढ़ी को अपने पूर्वजों के संघर्ष, त्याग और उपलब्धियों से परिचित होना चाहिए, ताकि वह अपनी विरासत पर गर्व कर सके और उसके संरक्षण में योगदान दे सके।

उन्होंने कहा कि सिंधी भाषा और साहित्य भारत की बहुभाषिक एवं बहुसांस्कृतिक विरासत की अमूल्य धरोहर हैं। परिवारों, शैक्षणिक संस्थानों और सामाजिक संगठनों के माध्यम से इस विरासत को अगली पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है।

विस्थापन के बाद भी संस्कृति और पहचान रखी कायम

श्री देवनानी ने कहा कि सिंधी समाज का इतिहास साहस, स्वाभिमान और पुनर्निर्माण की प्रेरणादायक गाथा है। भारत विभाजन के दौरान विस्थापन की कठिन परिस्थितियों के बावजूद समाज ने अपनी भाषा, साहित्य, धार्मिक आस्थाओं और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत बनाए रखा। सीमित संसाधनों के साथ नई शुरुआत कर आर्थिक और सामाजिक क्षेत्र में पहचान स्थापित करना समाज की मेहनत और संकल्पशक्ति को दर्शाता है।

इस अवसर पर सांसद श्री शंकर लालवानी ने सिंधी विश्वविद्यालय की स्थापना, सिंधी फिल्मों को प्रोत्साहन तथा गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस की परेड में सिंधी समाज की झांकी शामिल करने की आवश्यकता पर विचार रखे।

सम्मेलन में अमेरिका, स्पेन, दुबई, संयुक्त अरब अमीरात और हांगकांग सहित लगभग 15 देशों के प्रतिनिधियों तथा हजारों लोगों ने भाग लिया। इस दौरान श्री सिंधी समाज ऊना के अध्यक्ष श्री ईश्वर जेठवानी, पूर्व एमएलसी श्री गुरमुख जगवानी, श्री कालूभाई सुखवानी, श्री पीताम्बर दलवानी, अधिवक्ता श्री लोकेश करिया, श्री मनीष करिया और श्री सतीश चंदवानी सहित अनेक गणमान्यजन उपस्थित रहे। सम्मेलन का आयोजन दीव द्वीप पर श्री सिंधी समाज, ऊना की ओर से किया गया।

स्पीकर देवनानी ने किया आईएनएस खुकरी का अवलोकन

दीव प्रवास के दौरान विधानसभा अध्यक्ष श्री वासुदेव देवनानी ने भारतीय नौसेना के ऐतिहासिक युद्धपोत आईएनएस खुकरी का भी अवलोकन किया। उन्होंने युद्धपोत की संरचना, नौसैनिक उपकरणों और उससे जुड़े ऐतिहासिक प्रसंगों की जानकारी प्राप्त की।

इस अवसर पर उन्होंने वर्ष 1971 के युद्ध में आईएनएस खुकरी के अदम्य साहस और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि आईएनएस खुकरी भारतीय नौसेना के शौर्य, कर्तव्यनिष्ठा और राष्ट्र के प्रति समर्पण का प्रतीक है।

उल्लेखनीय है कि आईएनएस खुकरी के डूबने की घटना में तत्कालीन कमांडिंग ऑफिसर कैप्टन महेंद्र नाथ मुल्ला सहित 18 अधिकारी और 176 नौसैनिक वीरगति को प्राप्त हुए थे। श्री देवनानी ने कहा कि इन 194 वीर नौसैनिकों का सर्वोच्च बलिदान भारतीय सैन्य इतिहास में सदैव स्मरणीय रहेगा।

👁 2 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *