जयपुर की विश्व धरोहर विरासत के संरक्षण, संवर्धन एवं बेहतर प्रबंधन को लेकर शासन सचिव, स्वायत्त शासन विभाग श्री रवि जैन की अध्यक्षता में शनिवार को डीएलबी के कॉन्फ्रेंस हॉल में तकनीकी विरासत समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूनेस्को को प्रस्तुत की जाने वाली स्टेट ऑफ कंजर्वेशन (SOC) रिपोर्ट 2026-27 की समीक्षा की गई तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए।
श्री जैन ने कहा कि जयपुर की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। उन्होंने निर्देश दिए कि यूनेस्को को प्रस्तुत की जाने वाली SOC रिपोर्ट में विरासत संरक्षण से जुड़े सभी आवश्यक तथ्यों, गतिविधियों एवं कार्यों का विस्तृत और तथ्यात्मक विवरण शामिल किया जाए। उन्होंने बताया कि स्पेशल एरिया हेरिटेज प्लान (SAHP) यूनेस्को की एक महत्वपूर्ण अनिवार्य आवश्यकता है, जिसे SOC रिपोर्ट के साथ प्रस्तुत किया जाना है। इसके लिए संबंधित अधिकारी निर्धारित समय-सीमा में आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करें।
शासन सचिव ने विरासत स्थलों की स्वच्छता, सुंदरता एवं सुव्यवस्थित प्रबंधन पर विशेष जोर देते हुए कहा कि इन ऐतिहासिक स्थलों पर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को बेहतर एवं सुखद अनुभव मिलना चाहिए। इसके लिए नियमित साफ-सफाई, उचित रखरखाव तथा पर्यटकों के लिए आवश्यक सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिए।
उन्होंने विरासत स्थलों एवं उनके आसपास के क्षेत्रों की वर्तमान स्थिति का प्रभावी दस्तावेजीकरण करने के लिए वीडियोग्राफी करवाने के निर्देश भी दिए। साथ ही, विरासत क्षेत्रों में किसी भी प्रकार के अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए उनके विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा जयपुर की ऐतिहासिक पहचान, मूल स्वरूप एवं विरासत संरचनाओं को सुरक्षित रखने पर बल दिया।
बैठक में निदेशक, स्वायत्त शासन विभाग श्री प्रतीक जुईकर, आयुक्त, नगर निगम जयपुर श्री ओम कसेरा सहित विभागीय वरिष्ठ अधिकारी एवं तकनीकी विरासत समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
