राजस्थान में नशामुक्ति अभियान को नई गति

👁 1 Views

नशा मुक्त भारत अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन में राजस्थान निरंतर अग्रणी भूमिका निभा रहा है। प्रदेश में नशे के दुष्प्रभावों के प्रति आमजन को जागरूक करने, युवाओं को नशे से दूर रखने तथा जनभागीदारी के माध्यम से नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए व्यापक स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

केन्द्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार, नशा मुक्त भारत अभियान के तहत राजस्थान में अब तक नशामुक्ति के लिए 2 लाख 94 हजार 536 संकल्प लिए जा चुके हैं। वहीं, 1 करोड़ 45 लाख 70 हजार से अधिक लोगों तक नशे के विरुद्ध जागरूकता का संदेश पहुंचाया गया है। इनमें 53 लाख 66 हजार युवा एवं 35 लाख 89 हजार महिलाएं शामिल हैं। अभियान के अंतर्गत प्रदेश में अब तक 13 हजार 590 जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई हैं। साथ ही, नई पीढ़ी को नशामुक्ति का संदेश देने के उद्देश्य से 23 हजार 460 शैक्षणिक संस्थानों में अभियान संचालित किया गया है।

नशामुक्त युवा राष्ट्रीय विकास की वास्तविक पूंजी : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि ऊर्जावान, जागरूक एवं नशामुक्त युवा ही राष्ट्रीय विकास की वास्तविक पूंजी हैं और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की सबसे बड़ी प्रेरक शक्ति भी हैं। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए प्रभावी कदम उठा रही है।

उच्च शिक्षण संस्थानों में नशीले पदार्थों की रोकथाम के उद्देश्य से 350 से अधिक महाविद्यालयों, इंजीनियरिंग एवं पॉलिटेक्निक कॉलेजों में नई किरण नशा मुक्ति केन्द्र स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही, राज सवेरा कार्यक्रम के तहत जिला चिकित्सालयों में नशामुक्ति वार्ड स्थापित किए जा रहे हैं। नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाते हुए कठोर कार्रवाई की जा रही है। वहीं, प्रदेश में 100 सप्ताह के लिए ‘नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान’ के तहत राष्ट्रव्यापी जनआंदोलन भी संचालित किया जा रहा है।

नशामुक्ति मित्र निभा रहे अहम भूमिका

नशा मुक्त भारत अभियान में जनभागीदारी को सशक्त बनाने के लिए नशामुक्ति मित्रों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ये मित्र समाज में जागरूकता बढ़ाने, नशे के विरुद्ध सकारात्मक वातावरण तैयार करने तथा नशे की समस्या से प्रभावित व्यक्तियों को सहयोग एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराने में योगदान दे रहे हैं।

आंकड़ों के अनुसार, राजस्थान में वर्तमान में 6 हजार 492 नशामुक्ति मित्र सक्रिय रूप से कार्य कर रहे हैं। इसके अतिरिक्त, राज्य सरकार ने जालौर, बीकानेर, जयपुर, श्रीगंगानगर, हनुमानगढ़, बाड़मेर, अजमेर, जैसलमेर, चित्तौड़गढ़, चूरू एवं नागौर सहित कुल 11 जिलों में संस्थाओं का चयन कर 25-25 बेड क्षमता वाले नशामुक्ति केन्द्रों का संचालन प्रारंभ किया है।

प्रधानमंत्री के आह्वान पर नशे के विरुद्ध सामाजिक क्रांति

उल्लेखनीय है कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नशीले पदार्थों के सेवन की समस्या से निपटने के लिए नियमित एवं प्रतीकात्मक गतिविधियों से आगे बढ़कर व्यापक सामाजिक प्रयास करने पर जोर दिया है। उन्होंने युवाओं में जागरूकता बढ़ाने और समाज की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। प्रधानमंत्री के अनुसार, व्यवहार में स्थायी बदलाव तभी संभव है, जब समाज स्वयं इस अभियान का सक्रिय हिस्सा बने।

प्रधानमंत्री के इसी आह्वान के अनुरूप राजस्थान में नशे के विरुद्ध व्यापक सामाजिक जागरूकता एवं जनभागीदारी के माध्यम से सामाजिक क्रांति की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

👁 1 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *