कटक में श्री श्री विश्वविद्यालय के आइकॉनिक टॉवर का उद्घाटन

👁 0 Views

उपराष्ट्रपति श्री सी. पी. राधाकृष्णन ने आज ओडिशा के कटक स्थित श्री श्री विश्वविद्यालय में नवनिर्मित आइकॉनिक टॉवर का उद्घाटन किया। इस अवसर पर ओडिशा के राज्यपाल श्री ब्रज मोहन राम, मुख्यमंत्री श्री मोहन चरण माझी और विश्वविद्यालय के संस्थापक एवं आजीवन अध्यक्ष गुरुदेव श्री श्री रविशंकर उपस्थित रहे।

उपराष्ट्रपति ने कहा कि आइकॉनिक टॉवर का उद्घाटन केवल एक भवन का लोकार्पण नहीं, बल्कि दूरदर्शी सोच, शिक्षा के प्रेरणादायक दर्शन, भारत की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत और देश के भविष्य को आकार देने की प्रतिबद्धता का प्रतीक है।

उन्होंने श्री श्री विश्वविद्यालय को गुरुदेव श्री श्री रविशंकर की असाधारण दूरदृष्टि का परिणाम बताते हुए कहा कि यहां शिक्षा का उद्देश्य केवल अकादमिक ज्ञान प्रदान करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के चरित्र, चेतना और करुणा का विकास करना है। उन्होंने पूर्वी ज्ञान और पश्चिमी विद्या के समन्वय पर आधारित विश्वविद्यालय के शैक्षणिक दृष्टिकोण की सराहना की।

श्री राधाकृष्णन ने विश्वविद्यालय की ‘विश्व के सबसे खुशहाल परिसर’ के रूप में पहचान पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि खुशहाली भारतीय संस्कृति और परंपराओं में गहराई से निहित है।

ओडिशा की समृद्ध स्थापत्य विरासत का उल्लेख करते हुए उन्होंने जगन्नाथ मंदिर, भुवनेश्वर के मंदिरों और कोणार्क मंदिर को भारतीय सभ्यता की अद्भुत रचनात्मक प्रतिभा का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि भारतीय विरासत से प्रेरित आइकॉनिक टॉवर ज्ञान की मजबूत नींव से आत्मबोध और आध्यात्मिक चेतना की उच्चतम अवस्था तक पहुंचने की मानवीय यात्रा को दर्शाता है।

उपराष्ट्रपति ने विकसित भारत @2047 के लक्ष्य को साकार करने में शैक्षणिक संस्थानों की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि वर्ष 2014-15 में देश में विश्वविद्यालयों की संख्या 760 थी, जो अब बढ़कर 1,400 से अधिक हो गई है। इसी अवधि में आईआईटी की संख्या 16 से बढ़कर 23, आईआईएम की संख्या 13 से बढ़कर 22 और एम्स की संख्या 7 से बढ़कर 20 हो गई है। उच्च शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों का नामांकन भी 3.42 करोड़ से बढ़कर 4.50 करोड़ से अधिक हो गया है।

ओडिशा की जनजातीय आबादी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने राज्य के सभी सरकारी और निजी विश्वविद्यालयों से जनजातीय बच्चों के लिए ‘स्कूल कनेक्ट’ कार्यक्रम शुरू करने का आग्रह किया, ताकि उनकी शिक्षा बीच में न छूटे और वे उच्च शिक्षा के लिए प्रेरित हों।

विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए उपराष्ट्रपति ने कहा कि व्यक्ति की वास्तविक ऊंचाई उसके ज्ञान की गहराई, चरित्र की मजबूती और करुणा के विस्तार से मापी जाती है। उन्होंने युवाओं से ‘राष्ट्र प्रथम’ के सिद्धांत को अपनाने और नशे से दूर रहने का आह्वान किया।

उन्होंने विश्वविद्यालय समुदाय से ज्ञान, विवेक, नवाचार, करुणा और सेवा के मूल्यों को अपनाने की अपील करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि आइकॉनिक टॉवर आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का केंद्र बनेगा और समृद्ध, सशक्त, करुणामय एवं विकसित भारत के निर्माण में योगदान देगा।

इस अवसर पर उपराष्ट्रपति ने नवनिर्मित आइकॉनिक टॉवर में अत्याधुनिक तारामंडल का भी अवलोकन किया। उन्होंने इसे विज्ञान के प्रति जिज्ञासा बढ़ाने, ब्रह्मांड की अनंत संभावनाओं से परिचित कराने और विद्यार्थियों में खोज एवं नवाचार की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *