Headlines

63 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों पर ‘आंगन मिलन सेवा’

👁 2 Views

निदेशालय, समेकित बाल विकास सेवाएँ (ICDS), राजस्थान द्वारा ‘विकसित भारत जन सेवा अभियान’ (17 सितम्बर से 17 अक्टूबर 2026) के अंतर्गत प्रदेश के समस्त आंगनबाड़ी केंद्रों पर 25 से 27 सितम्बर तक तीन दिवसीय ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। प्रदेश के लगभग 63 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों पर आयोजित इन कार्यक्रमों में अनुमानित रूप से एक करोड़ से अधिक लोगों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं का सम्मान किया गया। उन्हें माननीय प्रधानमंत्री का पत्र प्रदान करने के साथ माला पहनाकर तथा पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। पहली बार इतने व्यापक स्तर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं के सम्मान का आयोजन किया गया।

‘आंगन मिलन सेवा’ की विशेषता व्यापक जनभागीदारी रही। स्थानीय शहरी एवं ग्रामीण आमजन के साथ-साथ जनप्रतिनिधियों ने भी उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों पर आने वाली गर्भवती महिलाओं की गोदभराई तथा धात्री माताओं के बच्चों का अन्नप्राशन भी कराया गया।

आंगनबाड़ी केंद्रों पर लोकगीत, लोकधुन एवं लोकनृत्य के साथ महिलाओं ने उत्सव मनाया। इसके साथ ही पोषण एवं IEC गतिविधियों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रमों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं में यह भावना और मजबूत की कि देश की नई पीढ़ी के निर्माण में उनके योगदान को समाज में पहचान और सम्मान मिल रहा है।

इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी तथा माननीय मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना, मुख्यमंत्री मातृत्व पोषण योजना एवं अन्य योजनाओं की लाभार्थी महिलाओं ने भी आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं के लिए आभार जताया।

कार्यक्रम के दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में जनप्रतिनिधियों एवं भामाशाहों द्वारा अपने क्षेत्र की आंगनबाड़ियों के सुदृढ़ीकरण के लिए आर्थिक सहयोग की घोषणाएं भी की गईं।

शासन सचिव, महिला एवं बाल विकास विभाग, श्रीमती पूनम ने बताया कि 25 से 27 सितम्बर तक चला यह तीन दिवसीय कार्यक्रम रविवार को सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। उन्होंने कहा, “आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं द्वारा निभाई जा रही महती भूमिका सम्मान के योग्य है। ‘आंगन मिलन सेवा’ का आयोजन इसी उद्देश्य से किया गया है।”

निदेशक, ICDS, श्री वासुदेव मालावत ने बताया कि अभियान का उद्देश्य जनसेवा, सामाजिक सरोकार तथा पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में व्यापक जनभागीदारी रही तथा बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।

उन्होंने नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, संस्था प्रधानों, शिक्षकों, चिकित्सकों, राजीविका सदस्यों, पोषण सखियों, SMC एवं SHG समूहों सहित उन सभी लोगों का आभार व्यक्त किया, जिन्होंने अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्रों पर पहुंचकर कार्यक्रम को सफल एवं भव्य बनाने में सहयोग दिया i

👁 2 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *