मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जल संसाधन विभाग की उच्चस्तरीय बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को आगामी जनवरी माह तक बजट घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही बांधों की मरम्मत एवं रखरखाव पर विशेष ध्यान देते हुए रिसाव रोकने और अतिरिक्त जल का समुचित उपयोग करने को कहा।
मिशन मोड में पूरा करें बजट घोषणाओं के कार्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि बजट घोषणाओं का लाभ आमजन तक समय पर पहुंचे, इसके लिए विभाग मिशन मोड में काम करें। नियमित और प्रभावी मॉनिटरिंग के जरिए घोषणाओं के क्रियान्वयन में तेजी लाई जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल प्रशासनिक स्वीकृति जारी करना पर्याप्त नहीं है, बल्कि सभी कार्य निर्धारित समय सीमा में धरातल पर पूरे होने चाहिए।
हरिके बैराज की सफाई के दिए निर्देश
मुख्यमंत्री ने हरिके बैराज की नियमानुसार सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि राजस्थान को उसके हिस्से का स्वच्छ पानी मिल सके और राज्यहित में जलप्रवाह सुचारू बना रहे।
उन्होंने बांधों की मरम्मत एवं रखरखाव के साथ जल रिसाव रोकने और उपलब्ध अतिरिक्त जल का बेहतर उपयोग सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
इसके अलावा न्यायालयों में प्रक्रियाधीन विभागीय मामलों में प्रभावी पैरवी करने और उनकी नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (जल संसाधन) अभय कुमार, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा, प्रमुख शासन सचिव (वित्त) वैभव गालरिया सहित संबंधित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
