मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में शनिवार को शासन सचिवालय में केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय की अर्बन डी-कंजेशन पॉलिसी के क्रियान्वयन तथा प्रदेश में प्रस्तावित बाईपास एवं रिंग रोड परियोजनाओं को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
मुख्य सचिव ने जयपुर रिंग रोड (उत्तर) परियोजना को महत्वाकांक्षी योजना बताते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने परियोजना के वित्तीय प्रबंधन, भूमि संबंधी मामलों और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं का समुचित परीक्षण करने के साथ नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
अर्बन डी-कंजेशन पॉलिसी से मिलेगी यातायात जाम से राहत
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, सार्वजनिक निर्माण विभाग प्रवीण गुप्ता ने अर्बन डी-कंजेशन पॉलिसी के प्रावधानों और प्रदेश में इसके क्रियान्वयन की संभावनाओं की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि शहरों में बढ़ते यातायात दबाव को कम करने, जाम की समस्या से राहत दिलाने और वाहनों की आवाजाही सुगम बनाने के लिए बाईपास एवं रिंग रोड का निर्माण महत्वपूर्ण है।
केंद्र और राज्य के बीच वित्तीय भागीदारी पर चर्चा
प्रवीण गुप्ता ने बताया कि प्रदेश में विभिन्न प्रमुख बाईपास एवं रिंग रोड परियोजनाएं प्रस्तावित हैं। इनके क्रियान्वयन के लिए केंद्र सरकार की अर्बन डी-कंजेशन पॉलिसी के तहत केंद्र और राज्य सरकार के बीच वित्तीय भागीदारी के विभिन्न विकल्पों पर चर्चा की गई।
इनमें भूमि अधिग्रहण, लैंड पूलिंग, राज्य वस्तु एवं सेवा कर (SGST) और रॉयल्टी से संबंधित व्यवस्थाएं शामिल हैं।
बैठक में जयपुर रिंग रोड (उत्तर) परियोजना को BOT मॉडल पर विकसित करने और इसे केंद्र सरकार की नई नीति से छूट प्रदान करने के प्रस्ताव पर भी विचार-विमर्श किया गया।
भूमि उपलब्धता और वित्तीय जिम्मेदारियों पर मंथन
बैठक में विभिन्न बाईपास एवं रिंग रोड परियोजनाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराने, सड़कों के आसपास नियोजित विकास, सर्विस रोड निर्माण, SGST एवं रॉयल्टी की प्रतिपूर्ति तथा केंद्र और राज्य सरकार के बीच वित्तीय जिम्मेदारियों से जुड़े विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में अतिरिक्त मुख्य सचिव, नगरीय विकास एवं आवासन आलोक गुप्ता, जयपुर विकास प्राधिकरण के आयुक्त सिद्धार्थ महाजन, शासन सचिव वित्त (व्यय) डॉ. टीना सोनी सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
