राजस्थान में वेटलैंड संरक्षण पर सरकार सख्त

👁 0 Views

वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा ने प्रदेश की आर्द्रभूमियों (वेटलैंड्स) के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए समन्वित प्रयास करने और उनके प्रभावी प्रबंधन पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित विभागों को आर्द्रभूमियों के सीमांकन, अधिसूचना और प्रबंधन योजनाओं से जुड़े कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही अतिक्रमण एवं प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण और संरक्षण कार्यों में जनभागीदारी बढ़ाने को कहा।

मंत्री शनिवार को शासन सचिवालय में राज्य आर्द्रभूमि प्राधिकरण (स्टेट वेटलैंड अथॉरिटी) की नौवीं बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे।

आर्द्रभूमियों के संरक्षण में जनभागीदारी पर जोर

संजय शर्मा ने कहा कि आर्द्रभूमियां पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इनके संरक्षण के लिए स्थानीय लोगों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित की जाए। साथ ही आर्द्रभूमियों के आसपास स्वच्छता बनाए रखने और प्रदूषण रोकने के लिए विशेष प्रयास किए जाएं।

सिलीसेढ़ झील की एकीकृत प्रबंधन योजना पर चर्चा

बैठक में बताया गया कि सर्वोच्च न्यायालय के निर्देशों की पालना में प्रदेश के जलाशयों एवं आर्द्रभूमियों का ग्राउंड ट्रुथिंग और सीमा निर्धारण किया जा रहा है।

इस दौरान अलवर की सिलीसेढ़ झील की एकीकृत प्रबंधन योजना को अनुमोदन देने के संबंध में चर्चा की गई। योजना के तहत झील के जलग्रहण क्षेत्र का उपचार, प्रदूषण नियंत्रण, जैव विविधता संरक्षण, प्राकृतिक आवास का पुनर्स्थापन, सामुदायिक सहभागिता और ईको-टूरिज्म को बढ़ावा देने जैसे कार्य प्रस्तावित हैं।

नए रामसर स्थलों के प्रस्तावों पर विचार

बैठक में नए रामसर स्थलों के प्रस्तावों पर भी चर्चा हुई। धौलपुर जिले के रामसागर-तालाबशाही वेटलैंड कॉम्प्लेक्स को रामसर स्थल के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया।

इसके अलावा सवाई माधोपुर के शिवसागर शिवाड़ तालाब, जैसलमेर के जासेरी तालाब और धौलपुर के तालाब-ए-शाही को आर्द्रभूमि संरक्षण एवं प्रबंधन नियमों के तहत अधिसूचित करने के प्रस्तावों पर विचार-विमर्श किया गया। आनासागर झील की अधिसूचना और झील संरक्षण प्राधिकरण से जुड़े विषयों पर भी चर्चा हुई।

सांभर झील में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की समीक्षा

बैठक में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) और राजस्थान उच्च न्यायालय द्वारा आर्द्रभूमियों के संरक्षण, सीमांकन, अधिसूचना एवं अतिक्रमण हटाने के संबंध में दिए गए निर्देशों की पालना की समीक्षा की गई। सांभर झील क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने और अवैध गतिविधियों के विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी भी दी गई।

प्रदेश में अब तक 97 वेटलैंड मित्र पंजीकृत

आर्द्रभूमि संरक्षण में आमजन की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित वेटलैंड मित्र पहल की भी समीक्षा की गई। बैठक में बताया गया कि अब तक प्रदेश में 97 वेटलैंड मित्र पंजीकृत हो चुके हैं। ये स्थानीय स्तर पर आर्द्रभूमियों की निगरानी, संरक्षण, जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने में सहयोग करेंगे।

बैठक में प्राधिकरण के सदस्य एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। संबंधित जिलों के उप वन संरक्षक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक से जुड़े।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *