मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास की अध्यक्षता में शनिवार को शासन सचिवालय में राइजिंग राजस्थान इन्वेस्टमेंट समिट के दौरान हुए एमओयू की प्रगति एवं उनके क्रियान्वयन को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित हुई।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों से जुड़े निवेश समझौतों की नियमित समीक्षा एवं मॉनिटरिंग सुनिश्चित करें और उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक कार्यवाही में तेजी लाएं। उन्होंने कहा कि निवेश प्रस्तावों को धरातल पर उतारना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करें।
भूमि आवंटन की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश
मुख्य सचिव ने भूमि आवंटन से जुड़े प्रकरणों की स्थिति का सत्यापन कर प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जिन निवेश प्रस्तावों के लिए भूमि आवंटन की आवश्यकता नहीं है, उनमें तत्काल आवश्यक कार्यवाही पूरी कर परियोजनाओं को जल्द धरातल पर उतारा जाए।
उन्होंने एमओयू के प्रभावी क्रियान्वयन पर जोर देते हुए कहा कि आगामी लक्ष्यों की प्राप्ति के लिए जिन प्रकरणों में स्वीकृति दी जानी है, उनमें अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए और उन्हें शीघ्र अनुमोदित किया जाए।
विभागवार निवेश लक्ष्यों की समीक्षा
बैठक में विभिन्न विभागों के निर्धारित लक्ष्यों और उनके विरुद्ध हासिल की गई प्रगति की समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने अधिकारियों को निवेश प्रस्तावों से जुड़े प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग करने और निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध प्राप्ति के लिए आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने के निर्देश दिए।
बैठक में संबंधित विभागों के विभागाध्यक्ष एवं वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
