पेयजल आपूर्ति में लापरवाही पर सख्त होंगे CM

👁 0 Views

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि पेयजल आमजन की मूलभूत आवश्यकता है और इसकी निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने जलापूर्ति व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक देरी को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल संबंधी शिकायतों का त्वरित समाधान करने और फील्ड स्तर पर अधिकारियों की सक्रियता एवं जवाबदेही तय करने पर जोर दिया।

अधिकारी फील्ड में जाकर समस्याओं का करें समाधान

मुख्यमंत्री ने शनिवार को मुख्यमंत्री कार्यालय में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग (PHED) की उच्चस्तरीय बैठक ली। बैठक में उन्होंने विभाग की बजट घोषणाओं, प्रगतिरत एवं लंबित परियोजनाओं और पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जलापूर्ति से जुड़ी जनसमस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण अधिकारियों की जिम्मेदारी है। अधिकारी स्वयं फील्ड में जाकर लोगों की समस्याएं सुनें और उनका समाधान कर आमजन का विश्वास अर्जित करें।

लंबित परियोजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश

मुख्यमंत्री ने लंबित परियोजनाओं की मुख्य सचिव स्तर पर नियमित मॉनिटरिंग करने और बजट घोषणाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जल परियोजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली बाधाओं का विभागीय स्तर पर त्वरित समाधान कर कार्यों की गति बढ़ाई जाए।

उन्होंने जल जीवन मिशन के तहत संचालित कार्यों को प्राथमिकता देने और अधिकाधिक घरों तक नल से जल पहुंचाने का लक्ष्य प्रभावी ढंग से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही, जिन घरों में पहले से जल कनेक्शन दिए जा चुके हैं, वहां नियमित और सुचारू जलापूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।

जल भवन में बनेगा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस

मुख्यमंत्री ने जल भवन में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस विकसित करने के निर्देश देते हुए विभागीय कार्यप्रणाली में आधुनिक तकनीक, नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देने की बात कही।

उन्होंने पेयजल की गुणवत्ता की नियमित जांच के लिए पर्याप्त संख्या में मोबाइल टेस्टिंग वैन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए, ताकि विभिन्न क्षेत्रों में मौके पर ही पानी की गुणवत्ता का परीक्षण किया जा सके।

शर्मा ने स्थायी जल स्रोतों को भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित एवं संरक्षित करने और उनकी उपयोगिता बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने जल संसाधन विभाग के साथ बेहतर समन्वय स्थापित कर उपलब्ध जल संसाधनों का अधिकतम और विवेकपूर्ण उपयोग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा न्यायालयों में विचाराधीन विभागीय मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए प्रभावी पैरवी और आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

बैठक में मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास, अतिरिक्त मुख्य सचिव (मुख्यमंत्री कार्यालय) अखिल अरोड़ा, अतिरिक्त मुख्य सचिव (जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग) हेमंत गेरा, प्रमुख शासन सचिव (वित्त) वैभव गालरिया सहित जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

👁 0 people read this article

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *